राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी की ऐतिहासिक जीत: पति बने ग्राम प्रधान, पत्नी बनी जिला पंचायत सदस्य — एक ही परिवार में दोहरी खुशियों की लहर
सितारगंज/नानकमत्ता: उत्तराखंड के पंचायत चुनावों में राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने ज़बरदस्त प्रदर्शन करते हुए कई सीटों पर विजय हासिल की है। इस जीत का सबसे ख़ास पहलू रहा वमनपुरी गांव का एक ऐसा परिवार, जहां पति-पत्नी दोनों ने चुनाव जीतकर क्षेत्र में खुशियों की लहर दौड़ा दी।
श्री जितेंद्र सिंह राणा, जो पहले भी ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य रह चुके हैं, वमनपुरी से एक बार फिर ग्राम प्रधान निर्वाचित हुए हैं। उनके कार्यों और जनता के बीच मजबूत पकड़ के चलते उन्हें भारी समर्थन मिला।
वहीं उनकी पत्नी श्रीमती आशा देवी, नाकुलिया (सितारगंज, उधम सिंह नगर) से जिला पंचायत सदस्य के रूप में विजयी रहीं। सामाजिक कार्यों में सक्रिय आशा देवी को उनके सेवाभावी व्यक्तित्व के लिए क्षेत्र में विशेष मान्यता प्राप्त है। उनके पुत्र भास्कर सिंह राणा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष, युवाओं के बीच एक प्रेरणास्रोत के रूप में जाने जाते हैं।
पार्टी अध्यक्ष का संदेश: जीत नहीं, जनविश्वास की मुहर
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने इस ऐतिहासिक जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का नतीजा बताया।
“यह जीत हमारे सिद्धांतों, सेवा और समर्पण की जीत है। यह दर्शाता है कि राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी की जड़ें अब जनमानस में गहराई से बस चुकी हैं।”
उन्होंने कहा कि पार्टी आगे भी विकास, पारदर्शिता और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रहेगी।
Leave a Reply