भवाली–कैंचीधाम मार्ग पर दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी पर्यटकों से भरी स्कॉर्पियो, 3 की मौत

नैनीताल | कमल जगाती

उत्तराखंड के नैनीताल जनपद में भवाली से कैंचीधाम मार्ग पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पर्यटकों से भरी स्कॉर्पियो एन कार सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं समेत एक किशोरी की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि वाहन में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में कुल 7 से 8 लोग सवार थे

बरेली से आए थे सभी पर्यटक

कोतवाल भवाली ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के निवासी हैं। पर्यटक मंगलवार सुबह लगभग 9:30 बजे पहाड़ी क्षेत्र की ओर भ्रमण के लिए जा रहे थे, तभी भवाली-कैंचीधाम मार्ग पर यह हादसा हो गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

घटना की सूचना मिलते ही भवाली पुलिस, दमकल विभाग, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। घायलों को खाई से निकालकर एम्बुलेंस की सहायता से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा जा रहा है।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और पहाड़ी मार्ग पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह मानी जा रही है, हालांकि स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!