Advertisement

नशा युवाओं को शारीरिक-मानसिक रूप से करता है कमजोर: एडवोकेट ललित जोशी

नशा मुक्त समाज के निर्माण का 600 छात्रों ने लिया संकल्प

राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज बालावाला में नशा उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 

प्रदेश के विद्यालयों में निरंतर नशा उन्मूलन का अभियान चला रही मानवाधिकार संरक्षण एवं भ्रष्टाचार निवारक समिति, सजग इंडिया और राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण उत्तराखण्ड ने संयुक्त रूप से अपने अभियान को आगे बढ़ाते हुए गुरुवार को देहरादून के बालावाला स्थित राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज बालावाला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कहा कि किसी भी प्रकार का नशा व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में भी बड़ी बाधा बनता है। उन्होंने कहा कि जिस देश का युवा नशे की गिरफ्त में होता है, उस देश के लिए एक समृद्ध और सशक्त राष्ट्र की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने चेताया कि आज कुछ विदेशी ताक़तें हमारे देश के युवाओं को नशा रूपी जाल में फँसाकर उनके लक्ष्य से भटकाना चाहती हैं, ताकि देश की जड़ों को कमजोर किया जा सके।

उन्होंने बताया कि आतंकवाद को सबसे अधिक फंडिंग नशे के अवैध कारोबार से होती है और अनजाने में नशा करने वाले युवा भी आतंकवाद को बढ़ावा देने का कारण बन जाते हैं। उन्होंने सभी से नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

अपने प्रेरणादायक संबोधन में एडवोकेट जोशी ने युवाओं में राष्ट्रप्रेम और माता-पिता के प्रति सम्मान की भावना को जागृत किया। उन्होंने कहा कि “कंकड़-पत्थर में बैठने वाला बच्चा भी इतिहास बदलने की ताक़त रखता है” और राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज बालावाला में पढ़ने वाला प्रत्येक छात्र अपनी प्रतिभा और संस्कारों के बल पर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने खुलकर अपने विचार साझा किए और नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। कई विद्यार्थियों ने स्वीकार किया कि वे नशे की आदत से ग्रसित थे, लेकिन इस संवाद के बाद उन्होंने नशा छोड़ने का दृढ़ निश्चय किया। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।

संवाद कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने वाले विद्यार्थियों को मानवाधिकार संरक्षण एवं भ्रष्टाचार निवारक समिति एव सजग इंडिया की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के विरुद्ध जागरूक कर एक स्वस्थ, सशक्त और नशा मुक्त समाज की दिशा में प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में राजकीय इण्टरमीडिएट कॉलेज बालावाला के प्रधानाचार्य संजय बिजल्वाण, संजू राणा, संगीता थापा, अवंतिका पोखरियाल, शोभा जुगराण, मीना नेगी, सुधा उनियाल, दीपिका पुंडीर, मीनाक्षी जोशी, भारती पुंडीर शिक्षक एवं कर्मचारीगण सहित 500 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!