भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी जानकारियां रोजगार प्रयाग पोर्टल पर प्रकाशित कर दी गई हैं. यहां से पूरी जानकारी ली जा सकती है.
देहरादून: विद्यालयी शिक्षा विभाग के तमाम कार्यालयों और विद्यालयों में लंबे समय से खाली पड़े 2364 चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के पदों पर भर्ती शुरू हो गई है. इसके लिये इच्छुक अभ्यर्थियों को कौशल विकास विभाग के रोजगार प्रयाग पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन की अंतिम तिथि 5 मार्च 2026 तय की गई है. इसके साथ ही निर्णय लिया गया है कि चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों की भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जायेगी.
विद्यालयी शिक्षा विभाग के अनुसार विभाग के तमाम कार्यालयों एवं विद्यालयों में सृजित चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के 2364 खाली पदों (मृत संवर्ग) पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. जिसके तहत कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की आधिकारिक बेवसाइट रोजगार प्रयाग पोर्टल पर अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गये हैं. चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों की तैनाती आउटससोर्स के जरिए की जायेगी. जिसमें स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जायेगी.
रोजगार प्रयाग पोर्टल पर चतुर्थ श्रेणी की जिलावार रिक्तयां प्रकाशित कर दी हैं. जिसमें उत्तरकाशी जिले में 135 पदों पर आवेदन मांगे गये हैं. इसी तरह, रुद्रप्रयाग जिले में 106, टिहरी जिले में 268, ऊधमसिंह नगर जिले में 182, पिथौरागढ़ जिले में 197, पौड़ी जिले में 340, बागेश्वर जिले में 89, अल्मोड़ा जिले में 254, चमोली जिले में 179, चम्पावत जिले में 120, देहरादून जिले में195, हरिद्वार जिले में 91 और नैनीताल जिले में 208 पदों पर भर्ती की जायेगी.
चयनित अभ्यर्थियों को महानिदेशालय कार्यालय, निदेशालय माध्यमिक शिक्षा, प्राथमिक शिक्षा एवं अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण सहित एससीईआरटी, बोर्ड कार्यालय रामनगर, मण्डलीय अपर निदेशक कार्यालय माध्यमिक/प्राथमिक (गढ़वाल व कुमाऊं), समस्त डायट, मुख्य शिक्षा अधिकारी व जिला शिक्षा अधिकारी मध्यमिक व बेसिक कार्यालय सहित इंटर काॅलेज व हाईस्कूलों में रिक्त पदों के सापेक्ष तैनाती दी जायेगी. आउटसोर्स से तैनात कार्मिकों को प्रत्येक माह 15,000 रूपये मानदेय दिया जायेगा.













Leave a Reply