स्टोरी: कमल जगाती, नैनीताल
उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन नगर नैनीताल में स्थित ब्रिटिश कालीन भवन ग्लेंनमोर कुटीर में रविवार दोपहर अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा भवन उसकी चपेट में आ गया और देखते ही देखते ऐतिहासिक कुटीर जलकर खाक हो गया।
हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन भवन में रखा घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
दोपहर 1:30 बजे दिखीं आग की लपटें
जानकारी के अनुसार, मल्लीताल क्षेत्र में स्थित ग्लेंनमोर कुटीर में दोपहर लगभग 1:30 बजे पड़ोसियों ने धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया।
ब्रिटिश काल में निर्मित यह भवन पूरी तरह लकड़ी का बना हुआ था, जिस कारण आग तेजी से फैल गई। वर्तमान में इस भवन में दो परिवार निवास कर रहे थे। बताया जा रहा है कि एक परिवार के सदस्य ललित तिवाड़ी उसी दिन होली की छुट्टियां मनाने के लिए दोपहर में यहां पहुंचे थे।
दमकल विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हालांकि दमकल विभाग के पहुंचने तक भवन की छत पूरी तरह जल चुकी थी और मकान केवल दीवारों के सहारे खड़ा रह गया था।
ऐतिहासिक धरोहर को भारी नुकसान
ग्लेंनमोर कुटीर नैनीताल की उन इमारतों में शामिल थी, जो ब्रिटिश काल की वास्तुकला की झलक पेश करती हैं। आग लगने के कारण इस ऐतिहासिक भवन को भारी क्षति पहुंची है।
प्रशासन जांच में जुटा
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।













Leave a Reply