94 फीट ऊंचा नया ध्वजदण्ड कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब पहुंची संगतें

देहरादून। दून की पावन धरती पर शुक्रवार का दिन श्रद्धा, आस्था और गुरु भक्ति से ओतप्रोत रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने “श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय”, “श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की जय” और “जय श्री झण्डे जी महाराज” के गगनभेदी जयकारों के बीच 94 फीट ऊंचे नए पवित्र ध्वजदण्ड (श्री झण्डे जी) को अपने कंधों पर उठाकर श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ श्री दरबार साहिब तक पहुंचाया। इस दिव्य क्षण के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों की संख्या में संगतें दून नगरी में एकत्रित हुईं और पूरी दून घाटी गुरु भक्ति के रंग में रंगी नजर आई।

ब्रह्ममुहूर्त से ही उमड़ने लगी संगत

शुक्रवार प्रातः ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं के श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बॉम्बे बाग पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। श्रद्धालु अपने हृदय में अटूट आस्था और गुरु भक्ति का भाव लिए इस पावन क्षण की प्रतीक्षा कर रहे थे।

यहां दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने संगतों को पावन दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया। उनके सान्निध्य में पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति से सराबोर हो गया।

अरदास के बाद कंधों पर उठाया गया पवित्र ध्वजदण्ड

श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की पावन अगुवाई में संगतों ने गुरु चरणों में अरदास अर्पित की। इसके बाद सुबह लगभग 8 बजे श्रद्धालुओं ने नए पवित्र ध्वजदण्ड को अपने कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब की ओर प्रस्थान किया

जैसे ही ध्वजदण्ड को कंधों पर उठाया गया, पूरा वातावरण गुरु महिमा के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

इन मार्गों से होकर निकली पावन शोभायात्रा

संगतें पवित्र ध्वजदण्ड को लेकर टीएचडीसी चौक, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, लाल पुल चौक, मातावाला बाग और सहारनपुर चौक से होती हुई लगभग सुबह 9:30 बजे श्री दरबार साहिब पहुंचीं।

जिन-जिन मार्गों से यह पावन यात्रा गुजरी, वहां दूनवासी हाथों में पुष्प लेकर स्वागत के लिए खड़े दिखाई दिए। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर संगतों का स्वागत किया और गुरु के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

जगह-जगह लगे लंगर और सेवा शिविर

मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा संगतों के स्वागत और सेवा के लिए शबील, शीतल जल, फल और प्रसाद के लंगर की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने सेवा भाव से संगतों की सेवा कर इस पावन अवसर को और भी भव्य बना दिया।

दो महीने की मेहनत से तैयार हुआ नया ध्वजदण्ड

नए पवित्र ध्वजदण्ड को तैयार करने में लगभग दो महीनों तक कई कुशल कारीगरों ने समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य किया। ऐतिहासिक श्री झण्डे जी मेले की तैयारियों के चलते श्री दरबार साहिब में संगतों के आगमन का क्रम लगातार तेज हो गया है। इस वर्ष नए श्री झण्डे जी के आरोहण को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

8 मार्च से शुरू होगा ऐतिहासिक श्री झण्डा महोत्सव

8 मार्च को 94 फीट ऊंचे श्री झण्डे जी का विधिवत आरोहण किया जाएगा, जिसके साथ ही ऐतिहासिक श्री झण्डा महोत्सव का शुभारंभ हो जाएगा। यह आयोजन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुवाई में संपन्न होगा।

दरबार प्रबंधन के अनुसार इस पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के श्री दरबार साहिब पहुंचने की संभावना है

संगतों के लिए की गई विशेष व्यवस्थाएं

मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि संगतों के ठहरने के लिए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बिंदाल, तालाब, राजा रोड, भण्डारी बाग और पटेल नगर सहित दून की प्रमुख धर्मशालाओं में व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा एक दर्जन से अधिक लंगर, मेला थाना और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल व मेला अस्पताल की भी व्यवस्था की गई है, ताकि संगतों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!