Uttarakhand Budget Session: यूकेडी कार्यकर्ताओं का उग्र प्रदर्शन, बैरिकेड तोड़े; पुलिस ने पानी की बौछार कर रोका

देहरादून/गैरसैंण। उत्तराखंड के ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में शुरू हुए बजट सत्र के पहले दिन ही राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को पानी की बौछार (वॉटर कैनन) का इस्तेमाल करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि यूकेडी कार्यकर्ताओं ने दिवालीखाल में इकट्ठा होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विधानसभा घेराव की कोशिश की। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ दी और पुलिस को चकमा देकर विधानसभा की ओर बढ़ने लगे।

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए करीब 10 से 15 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान यूकेडी कार्यकर्ताओं ने पुलिस की गाड़ियों को भी रोक दिया और जिन आंदोलनकारियों को हिरासत में ले जाया जा रहा था, उन्हें गाड़ियों से उतार लिया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प भी देखने को मिली। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पानी की बौछार कर भीड़ को तितर-बितर किया

दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार करीब सात महीने बाद ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण पहुंची है, जहां विधानसभा का बजट सत्र आयोजित किया जा रहा है। इसी मौके पर यूकेडी ने अपनी मांगों को लेकर शक्ति प्रदर्शन किया।

यूकेडी की प्रमुख मांगों में

  • स्थायी राजधानी गैरसैंण घोषित करना
  • अंकिता भंडारी हत्याकांड में सख्त कार्रवाई
  • राज्य से जुड़े अन्य जन मुद्दों का समाधान शामिल है।

पुलिस के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!