गैरसैंण/देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है और ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में आज सदन में जोरदार बहस और सवाल-जवाब देखने को मिल सकते हैं। पांच दिवसीय बजट सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान विधायकों के सवालों से सदन का माहौल गरमाने की संभावना है।
600 से ज्यादा सवालों से सरकार की परीक्षा
इस बार बजट सत्र के लिए पक्ष और विपक्ष के विधायकों की ओर से 600 से अधिक प्रश्न लगाए गए हैं। दूसरे दिन होने वाले प्रश्नकाल में इन सवालों के जरिए अलग-अलग विभागों के कामकाज और योजनाओं को लेकर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। माना जा रहा है कि कई मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है।
हल्द्वानी के मुद्दों पर विधायक सुमित हृदयेश का धरना
हल्द्वानी के आईएसबीटी और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में बताई जा रही खामियों को लेकर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश गैरसैंण विधानसभा परिसर में धरने पर बैठे हैं। उनके साथ कांग्रेस के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी विभिन्न स्थानीय मुद्दों को लेकर विरोध जता रहे हैं।
आज सदन में पेश होंगे ये चार अध्यादेश
दूसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से चार महत्वपूर्ण अध्यादेश सदन पटल पर रखे जाएंगे। इनमें शामिल हैं—
- उत्तराखण्ड दुकान और स्थापना (रोजगार विनियमन और सेवा शर्त) (संशोधन) अध्यादेश, 2025
- उत्तराखण्ड जन विश्वास (उपबंधों का संशोधन) अध्यादेश, 2025
- उत्तराखण्ड माल और सेवा कर (संशोधन) अध्यादेश, 2025
- उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता, उत्तराखण्ड (संशोधन) अध्यादेश, 2026
आर्थिक सर्वेक्षण और CAG की रिपोर्ट भी होगी पेश
आज सदन में राज्य का आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही कैग (CAG) की सात रिपोर्ट भी विधानसभा पटल पर रखी जाएंगी, जिनमें विभिन्न विभागों के वित्तीय कार्यों और योजनाओं का लेखा-जोखा शामिल रहेगा।
पहले दिन पेश हुआ 1.11 लाख करोड़ का बजट
बजट सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। यह बजट पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में करीब 10.41 प्रतिशत अधिक बताया गया है।
बजट सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल, अध्यादेशों की प्रस्तुति और आर्थिक सर्वेक्षण के कारण सदन में सियासी हलचल तेज रहने की संभावना है।













Leave a Reply