सप्लाई विभाग की बड़ी कार्रवाई: लक्कड़घाट में गैस माफिया पर शिकंजा

ऋषिकेश। एलपीजी गैस की किल्लत के बीच प्रशासन ने अवैध गैस कारोबार पर सख्ती तेज कर दी है। इसी क्रम में लक्कड़घाट क्षेत्र में पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक दुकान से बड़ी संख्या में कमर्शियल गैस सिलिंडर बरामद किए।

स्थानीय लोगों की शिकायत के आधार पर की गई इस कार्रवाई में टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां दुकान में व्यावसायिक उपयोग के लिए रखे गए गैस सिलिंडरों का अवैध भंडारण पाया गया। अधिकारियों ने तुरंत सिलिंडरों को जब्त कर संबंधित गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया।

पूर्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में भी ऋषिकेश के इसी इलाके में अवैध गैस रिफिलिंग और भंडारण के दो मामलों का खुलासा हो चुका है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग अब ऐसे कारोबार पर कड़ी नजर बनाए हुए है।

प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध गैस भंडारण या रिफिलिंग की जानकारी मिले, तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!