कोटद्वार बाबा दुकान विवाद: मामले की हाईकोर्ट में सुनवाई, मोहम्मद दीपक को देना होगा चंदे का ब्योरा

मोहम्मद दीपक ने प्राथमिकी निरस्त करने, परिवार की सुरक्षा और संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच की मांग की है
उत्तराखंड हाईकोर्ट ने कोटद्वार बाबा प्रकरण में स्वयं को ‘मोहम्मद दीपक’ बताने वाले जिम संचालक दीपक कुमार से जुड़े मामले की सुनवाई की. कोर्ट ने राज्य सरकार को जनवरी में हुई घटना से संबंधित सभी प्राथमिकी की जांच पर स्थिति रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है.
हाईकोर्ट में मोहम्मद दीपक मामले की सुनवाई: न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की एकलपीठ ने दीपक को भी अपने बैंक खाते में प्राप्त कुल धनराशि का विस्तृत शपथपत्र प्रस्तुत करने को कहा. दीपक का कहना है कि 26 जनवरी की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्हें 100 से 500 रुपये तक के छोटे-छोटे दान मिल रहे हैं.
ये है पूरा मामला: मामले के अनुसार, 26 जनवरी को कोटद्वार में बजरंग दल के कार्यकर्ता एक मुस्लिम दुकानदार वकील अहमद द्वारा दुकान का नाम ‘बाबा’ रखने पर आपत्ति जता रहे थे. इस दौरान दीपक ने आगे आकर अहमद का समर्थन किया था. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दीपक ने नाम बदलने की मांग पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुकान 30 साल से अधिक पुरानी है. जब भीड़ ने उनकी पहचान पूछी, तो उन्होंने कहा, “मेरा नाम मोहम्मद दीपक है.”
हाईकोर्ट ने कहा जांच कानून के अनुसार होगी: इस घटना के बाद कमल प्रसाद की शिकायत पर 28 जनवरी को दीपक और उनके सहयोगी विजय रावत के खिलाफ दुर्व्यवहार, मोबाइल फोन छीनने और आपराधिक धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई. दीपक ने प्राथमिकी निरस्त करने, परिवार की सुरक्षा और संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच की मांग को लेकर उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है. सुनवाई के दौरान अदालत ने सुरक्षा और विभागीय जांच की मांग पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जांच कानून के अनुसार ही की जानी चाहिए. अदालत ने राज्य सरकार को जांच की वर्तमान स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है. इस मामले की अगली सुनवाई 19 मार्च को होगी.
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से भिड़ा था मोहम्मद दीपक: गौरतलब है कि उत्तराखंड के पौड़ी जिले में स्थित कोटद्वार में हनुमान जी का प्रसिद्ध मंदिर बाबा सिद्धबली के नाम से है. यहां देश के कोने-कोने से भक्त अपनी मनोकामना लेकर आते हैं. बाबा सिद्धबली के नाम पर यहां कई दुकानों के नाम में ‘बाबा’ लिखा रहता है. मुस्लिम दुकानदार वकील अहमद ने भी अपनी दुकान का नाम ‘बाबा’ स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर रखा है. दिलचस्प बात ये है कि बोर्ड पर दुकानदार ने जहां अपना नाम बहुत ही छोटे अक्षरों में लिखा है, वहीं ‘बाबा’ शब्द बड़े और बोल्ड अक्षरों में लिखा है. इसी ‘बाबा’ नाम को लेकर बजरंग दल ने आपत्ति जताई थी और इसे हटाने को कहा था. तभी एक युवक अपना नाम मोहम्मद दीपक बताते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से भिड़ गया था.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!