UPSC परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, देहरादून के 32 केंद्रों पर रहेगी CCTV और जैमर से निगरानी

देहरादून । जनपद देहरादून में 24 मई 2026 को आयोजित होने वाली सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के 32 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 12,545 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा ने जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस नोडल अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में एडीएम ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व स्थलीय निरीक्षण करने और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे, फेस ऑथेंटिकेशन एप सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों को पूरी तरह सैनिटाइज करने को कहा गया है।

प्रशासन ने अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान मोबाइल फोन सक्रिय रखने और अपने संपर्क नंबर केंद्र व्यवस्थापकों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी। प्रथम पाली के प्रश्नपत्र सुबह 7 बजे तथा द्वितीय पाली के प्रश्नपत्र सुबह 11 बजे कोषागार के डबल लॉकर से निकालकर निर्धारित समय से पहले संबंधित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे।

एडीएम केके मिश्रा ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा पूरी पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ संपन्न हो सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सिटी प्रवीण कुमार, एसडीएम योगेश मेहरा, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!