Advertisement

चमोली में मातम: 500 मीटर गहरी खाई में समाई कार, 3 की दर्दनाक मौत

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। देवाल विकासखंड के दूरस्थ ल्वाणी गांव के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

देहरादून से लोहाजंग जा रहा था वाहन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन देर रात देहरादून से लोहाजंग के लिए रवाना हुआ था। शनिवार सुबह ल्वाणी गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में कुल छह लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि सभी यात्री बांक गांव के निवासी हैं।

स्थानीय लोगों और DDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस और DDRF की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला गया।

3 लोगों की मौके पर मौत, 2 घायलों की हालत गंभीर

थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि दुर्घटना शनिवार सुबह तड़के हुई। हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

गंभीर घायलों को एयर एंबुलेंस से भेजने की तैयारी

क्षेत्रीय विधायक भूपाल राम टम्टा ने बताया कि घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सुबह ही चमोली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) से वार्ता की गई है। उन्होंने कहा कि बेहतर उपचार के लिए गंभीर घायलों को एयर एंबुलेंस के माध्यम से हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी की जा रही है, ताकि उन्हें समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

क्षेत्र में शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे के बाद बांक गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!