गंगोत्री हाईवे हादसा: खाई में गिरी कार, महाराष्ट्र के दंपति की मौत, 3 घायल

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा के दौरान गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगनानी के निकट एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर करीब 80 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में महाराष्ट्र के एक वृद्ध दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 मई 2026 को रात करीब 8:10 बजे वाहन संख्या PB-01F-1733 (स्विफ्ट कार) गंगोत्री धाम से उत्तरकाशी की ओर लौट रही थी। हेल्कुगाड़ से लगभग 200 मीटर आगे गंगनानी की दिशा में वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

वाहन में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

हादसे में दंपति की मौत

दुर्घटना में जिन दो यात्रियों की मौत हुई उनकी पहचान इस प्रकार हुई है—

  • लक्ष्मी दामोदर रामटेककर (67 वर्ष), निवासी नागपुर, महाराष्ट्र।
  • दामोदर हरीराम रामटेककर (77 वर्ष), निवासी नागपुर, महाराष्ट्र।

दोनों पति-पत्नी बताए जा रहे हैं और चारधाम यात्रा के तहत गंगोत्री धाम के दर्शन कर लौट रहे थे।

तीन लोग घायल

हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान—

  • विमल कुमार प्रधान (61 वर्ष), निवासी भुवनेश्वर, ओडिशा।
  • उपासना प्रधान (54 वर्ष), निवासी भुवनेश्वर, ओडिशा।
  • यशवीर (35 वर्ष), निवासी पंजाब (वाहन चालक)।

रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला और एम्बुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रशासन ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान

घटना के बाद राहत कार्य के लिए तीन एम्बुलेंस और एक मॉर्चरी वाहन तैनात किया गया। मृतकों के शवों को रेस्क्यू कर जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी की मोर्चरी में भेजा गया है। पुलिस द्वारा पंचायतनामा सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दुर्घटना के कारणों की जांच जारी

चारधाम यात्रा के दौरान हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर सुरक्षित और सावधानीपूर्वक वाहन संचालन की आवश्यकता को उजागर किया है। फिलहाल प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!