मुख्यमंत्री धामी ने SGRR इंटरनेशनल स्कूल की जमकर की तारीफ, छात्रों से संवाद कर दिया बड़ा संदेश

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) इंटरनेशनल स्कूल, सहसपुर पहुंचे। इस दौरान स्कूल परिवार ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने संस्थान द्वारा शिक्षा, संस्कार और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला संस्थान बताया।

विद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री का स्वागत प्रधानाचार्या श्रीमती सहाना रहमान, शिक्षकगण और विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ एवं पुष्पवर्षा के साथ किया। मुख्यमंत्री के आगमन से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार जन-जन तक पहुंचकर सेवा करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। संस्थान गरीब, पिछड़े और सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च एवं मेडिकल शिक्षा तक गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, साथ ही उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान कर रहा है।

मुख्यमंत्री विद्यालय के विद्यार्थियों के अनुशासन, प्रतिभा और आत्मविश्वास से प्रभावित हुए। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया, उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, क्षेत्रीय विधायक सहदेव पुंडीर, दायित्वधारी रोहिला, पुनीत मित्तल, मुख्यमंत्री के सचिव वंशीधर तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

क्षेत्रीय विधायक सहदेव पुंडीर ने कहा कि एसजीआरआर इंटरनेशनल स्कूल, सहसपुर क्षेत्र का अग्रणी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय है, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सहाना रहमान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और श्री दरबार साहिब का स्मृति-चिह्न भेंट किया। उन्होंने श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय के आधुनिक भवन, अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं की सराहना की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के आगमन को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!