देहरादून में कांग्रेस का हल्लाबोल: राहुल गांधी पर FIR और ‘शुद्धिकरण’ विवाद के खिलाफ CM आवास कूच, BJP भी करेगी धरना

देहरादून: उत्तराखंड की सियासत में ‘शुद्धिकरण’ विवाद और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने आज देहरादून में बड़ा विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी कार्यकर्ता परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करेंगे। कांग्रेस के इस प्रदर्शन में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।

परेड ग्राउंड से CM आवास तक कांग्रेस का मार्च

कांग्रेस का मुख्यमंत्री आवास कूच सुबह करीब 11 बजे देहरादून के परेड ग्राउंड से शुरू होगा। पार्टी का कहना है कि यह प्रदर्शन राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR और हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम के विरोध में किया जा रहा है।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। हाथीबड़कला क्षेत्र में बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका जा सके।

कांग्रेस के इस शक्ति प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के साथ पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के भी शामिल होने की बात कही गई है।

क्या है हल्द्वानी का ‘शुद्धिकरण’ विवाद?

दरअसल, हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा आयोजित की गई थी। सभा के बाद वहां ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया।

कांग्रेस ने इस कार्यक्रम पर कड़ी आपत्ति जताई। राहुल गांधी ने भी मामले को लेकर कार्रवाई की मांग की थी। कांग्रेस का आरोप है कि इस मामले में कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ ही SC/ST Act समेत विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज कर दी गई।

इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस अब प्रदेश सरकार पर हमलावर है और राजधानी देहरादून में सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज करा रही है।

उत्तराखंड BJP अध्यक्ष के खिलाफ बेंगलुरु में Zero FIR

विवाद के बीच 5 सितंबर को बेंगलुरु पुलिस ने शिकायतकर्ता टी.आर. रामप्पा की शिकायत पर उत्तराखंड बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कुछ अन्य लोगों के खिलाफ Zero FIR दर्ज की।

शिकायतकर्ता की ओर से आरोप लगाया गया है कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में खड़गे की जनसभा के बाद आयोजित ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम से जातिगत भेदभाव का संदेश गया।

कांग्रेस इसी मामले को लेकर सरकार पर दोहरे रवैये का आरोप लगा रही है और आज के प्रदर्शन के जरिए सरकार को घेरने की तैयारी में है।

कांग्रेस के प्रदर्शन के जवाब में BJP का ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना’

कांग्रेस के मुख्यमंत्री आवास कूच के बीच बीजेपी ने भी अपना कार्यक्रम घोषित किया है। बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा उत्तराखंड की ओर से प्रदेशभर में मंडल स्तर पर ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना’ आयोजित किया जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल ने कहा कि उत्तराखंड की एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि को जातिवाद, वैमनस्य और विभाजनकारी सोच से बचाने के लिए समाज को एकजुट होकर सकारात्मक संदेश देने की जरूरत है। धरने के दौरान बीजेपी कार्यकर्ता सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लेंगे।

देहरादून में आमने-सामने कांग्रेस और BJP

राहुल गांधी FIR और हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ विवाद को लेकर कांग्रेस के सड़क पर उतरने और उसके जवाब में बीजेपी के सामाजिक सौहार्द कार्यक्रम से उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है। अब नजर इस बात पर है कि देहरादून में कांग्रेस का मुख्यमंत्री आवास कूच कितना बड़ा राजनीतिक प्रदर्शन बनता है और सरकार की ओर से इसका क्या जवाब आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!