उत्तरकाशी। सऊदी अरब में फंसे उत्तरकाशी के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल को स्वदेश वापस लाने के लिए उनकी बेटी दीपिका नौटियाल की मुहिम अब एक बड़े जन-अभियान का रूप ले चुकी है। पिता की वतन वापसी के लिए दीपिका ने ₹2 करोड़ 29 लाख की धनराशि जुटाने का संकल्प लिया है। उनकी इस मुहिम में उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश-विदेश से लोग लगातार सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं।
दीपिका के संघर्ष और पिता को वापस घर लाने के संकल्प से प्रभावित होकर सामाजिक संगठनों, प्रवासी उत्तराखंडियों, व्यापारियों और आम लोगों ने अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक मदद शुरू की है। अभियान के जरिए अब तक ₹1 करोड़ 40 लाख से अधिक की राशि जुटाई जा चुकी है।
महज एक परिवार की मदद की अपील से शुरू हुई यह मुहिम अब सामूहिक सहयोग और इंसानियत की मिसाल बनती जा रही है। सोशल मीडिया समेत विभिन्न माध्यमों से अभियान की जानकारी लोगों तक पहुंच रही है, जिसके बाद लगातार आर्थिक सहयोग मिल रहा है।
परिजनों के मुताबिक, तय लक्ष्य तक पहुंचने के लिए अभी करीब ₹89 लाख की राशि और जुटानी है। परिवार को उम्मीद है कि जिस तरह देश और विदेश से लगातार मदद के हाथ आगे बढ़ रहे हैं, उससे शेष धनराशि भी जल्द जुट जाएगी और इंद्रमणि नौटियाल अपने परिवार के बीच सकुशल लौट सकेंगे।
दीपिका की यह मुहिम अब सिर्फ एक बेटी के अपने पिता को घर वापस लाने की कोशिश नहीं रह गई है, बल्कि यह सामूहिक संवेदना और मानवीय सहयोग की एक बड़ी मिसाल बन चुकी है। संकट की घड़ी में जिस तरह लोग एकजुट होकर परिवार का साथ दे रहे हैं, वह इस अभियान को एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप दे रहा है।











Leave a Reply