Advertisement

UKSSSC परीक्षा में कहीं 71% तो कहीं 53% रही उपस्थिति, CCTV-जैमर के घेरे में हुई तीन पदों की परीक्षा

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की ओर से लाइनमैन, मनोवैज्ञानिक और प्रशिक्षक/अनुदेशक के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को जनपद देहरादून में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। विज्ञापन संख्या 74/उ०अ० से०च०आ०/2025, दिनांक 3 दिसंबर 2025 के अंतर्गत आयोजित यह परीक्षा दो पालियों में कराई गई। आयोग के अनुसार, परीक्षा में अलग-अलग पदों के लिए अभ्यर्थियों की उपस्थिति लगभग 53 से 71 प्रतिशत के बीच रही।

पहली पाली में लाइनमैन और मनोवैज्ञानिक पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई। इसमें लाइनमैन पद के लिए लगभग 60 प्रतिशत और मनोवैज्ञानिक पद के लिए करीब 71 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। वहीं, दूसरी पाली में आयोजित प्रशिक्षक/अनुदेशक पदों की लिखित परीक्षा में लगभग 53 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।

परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए आयोग की ओर से परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी व्यवस्था की गई थी। इसके तहत सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए, जबकि अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति भी दर्ज की गई।

परीक्षा की निगरानी के लिए आयोग कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया था। यहां से आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लाइव निगरानी की। आयोग के मुताबिक, निर्धारित व्यवस्थाओं के बीच तीनों पदों की लिखित परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न कराई गईं।

आयोग ने परीक्षा के सुचारु संचालन में सहयोग देने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षकों, देहरादून जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों, सेवा प्रदाताओं तथा आयोग के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!