देहरादून: जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर क्षेत्रवार क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया गया है।
गठित टीमों ने आज विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति व्यवस्था और वितरण प्रक्रिया की गहन समीक्षा की गई।
जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं। इन शिकायतों पर जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग, देहरादून द्वारा तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, आज जनपद में लगभग 16,511 घरेलू उपभोक्ताओं एवं 153 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वर्तमान में जिले में 34,861 घरेलू और 1,422 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है।
प्रशासन द्वारा घरेलू के साथ-साथ व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति लगातार बढ़ाई जा रही है, ताकि किसी भी उपभोक्ता को असुविधा का सामना न करना पड़े।













Leave a Reply