पटेलनगर कबाड़ी बाजार में भीषण अग्निकांड, पूरे इलाके में मचा हड़कंप

देहरादून।  देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में स्थित कबाड़ी बाजार में सोमवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि साढ़े 11 घंटे बीत जाने के बाद भी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका और कई स्थानों पर आग सुलगती रही।

जानकारी के अनुसार पटेलनगर कोतवाली के पीछे स्थित कबाड़ी बाजार में अचानक आग लग गई, जिसके बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने कबाड़ के ढेरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की करीब 12 गाड़ियां मौके पर तैनात की गईं। दमकल कर्मी लगातार कई घंटों से आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।

कबाड़ी बाजार में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। फिलहाल दमकल विभाग द्वारा आग को पूरी तरह बुझाने का प्रयास जारी है।

प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!