ब्लाक प्रमुख चुनाव से एक दिन पहले दो महिला बीडीसी मेंबरों के पतियों का तमंचे की नोक पर अपहरण से बवाल हो गया। कांग्रेसी भड़क उठे और भाजपा पर उनके समर्थकों का अपहरण कराने का आरोप लगा हंगामा काटा। थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। पुलिस की ओर से केस दर्ज नहीं करने पर गुस्साए कार्यकर्ताओं ने कर्णप्रयाग हाईवे जाम कर दिया। माहौल बिगड़ने की आशंका में समझाने पहुंचे एएसपी व पुलिस कर्मियों से तीखी नोकझोंक हुई। इस बीच निवर्तमान ब्लाक प्रमुख दीपक सिंह किरौला ने आत्मदाह का प्रयास किया तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने जैसे-तैसे हालात संभाले। धरना स्थल से उठाने के प्रयास में दोबारा तकरार हुई। पुलिस के विरुद्ध प्रदर्शनकारियों ने मिलीभगत का आरोप लगा नारेबाजी की। एएसपी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि तहरीर मिल गई है। दोनों को मुक्त करा लिया जाएगा। मगर रात तक कांग्रेसी धरने पर अड़े रहे।
कांग्रेसियों के अनुसार कौला क्षेत्र पंचायत सीट से बीडीसी मेंबर विमला देवी के पति संतोष लहरी तथा फलद्वाड़ी से सदस्य दीपा देवी के पति दीपक कुमार बुधवार को पार्टी कार्यकर्ता नवीन मैनाली के वाहन से नगर आ रहे थे। आरोप है कि रानीखेत से करीब 10 किमी दूर गगास मोड़ पर दो वाहनों में सवार हथियारबंद लोगों ने कांग्रेसियों का वाहन रोका। जातिसूचक शब्द कहे और तमंचे की नोक पर बीडीसी मेंबरों के पतियों का अपहरण कर ले गए। घटना का पता लगने पर गुस्साए कांग्रेसी थाने जा धमके। केस दर्ज करअपहृत कार्यकर्ताओं को मुक्त करा आरोपितों की गिरफ्तारी पर जोर दिया। थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने कहा कि जांच करेंगे। इस पर कांग्रेसी भड़क गए। नारेबाजी कर काफी देर हंगामा काटा। फिर मुख्य चौराहा पहुंच धरना शुरू कर दिया।
बेटियां व बीडीसी मेंबर पत्नियां भी पहुंचीं
अपहृत कांग्रेस समर्थकों के स्वजन व बेटियों के साथ ही शाम सवा पांच बजे बीडीसी मेंबर विमला देवी व दीपा देवी भी धरने पर बैठ गई। उधर पुलिस ने पूर्व प्रमुख राजेंद्र सिंह किरौला की तहरीर पर धरपकड़ तेज कर दी। जाम लगाए बैठे प्रदर्शनकारियों को एएसपी मनाते रहे। उन्होंने कहा कि टीम गठित कर जिलेभर में तलाश तेज कर दी गई है।
घंटों जाम में एएसपी का वाहन भी फंसा
द्वाराहाट कर्णप्रयाग हाईवे पर घंटों जाम लगा रहा। रानीखेत व चौखुटिया की ओर दोनों तरफ लगभग डेढ किमी लंबे जाम में छोटे-बड़े कई वाहन जहां तहां फंस गए हैं। एएसपी हरवंश सिंह अपना वाहन बीच सड़क खड़ा कर मुख्य चौराहे तक पहुंचे।
Leave a Reply