जनपद देहरादून में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और जनसुलभ बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में जिले के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में 34 आउटसोर्स कार्मिकों की तैनाती की गई है। इससे शहर से लेकर दूरस्थ क्षेत्र त्यूनी और चकराता तक स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
जिला चिकित्सालय से लेकर PHC तक बढ़ी सुविधाएं
जिलाधिकारी द्वारा किए गए स्थलीय निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में मैनपॉवर की कमी सामने आई थी। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन ने बजट स्वीकृत कर विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की।
जिन संस्थानों में कार्मिक तैनात किए गए:
- जिला चिकित्सालय देहरादून
- उप जिला चिकित्सालय मसूरी
- उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश
- प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र त्यूनी
- सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चकराता
- एसएनसीयू (कोरोनेशन अस्पताल)
- शव विच्छेदन गृह
कौन-कौन से पदों पर हुई भर्ती?
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए निम्न पदों पर कार्मिक नियुक्त किए गए:
- लैब टेक्नीशियन
- कक्ष सेविका / कक्ष सेवक
- वाहन चालक
- पर्यावरण मित्र
- डाटा एंट्री ऑपरेटर
- चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी
कुल मिलाकर 34 कार्मिकों की तैनाती की गई है, जिनके वेतन की स्वीकृति जिला योजना से दी गई है।
राज्य के पहले मॉडल टीकाकरण केंद्र को भी मिला स्टाफ
जिला चिकित्सालय में स्थित राज्य के पहले मॉडल टीकाकरण केंद्र के सुचारु संचालन के लिए भी 7 कार्मिकों की नियुक्ति की गई है। इससे टीकाकरण सेवाएं और अधिक व्यवस्थित और प्रभावी होंगी।
अस्पतालवार तैनाती का विवरण
- ऋषिकेश उप जिला चिकित्सालय – 13 कार्मिक
- मसूरी उप जिला चिकित्सालय – 7 कार्मिक
- मॉडल टीकाकरण केंद्र – 7 कार्मिक
- एसएनसीयू – 2 चालक
- शव विच्छेदन गृह – 1 कार्मिक
- PHC त्यूनी – 2 कार्मिक
- CHC चकराता – 2 कार्मिक
2026-27 के लिए भी बनी कार्ययोजना
जिला प्रशासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भी स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की योजना तैयार कर ली है।
आउटसोर्स एजेंसियों जैसे उपनल और पीआरडी के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों का मार्च 2027 तक सेवाविस्तार भी स्वीकृत कर दिया गया है।
डीएम का सख्त निर्देश: लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जिलाधिकारी सविन बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों का पूर्ण उपयोग किया जाए और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।













Leave a Reply