रुद्रप्रयाग। बसुकेदार क्षेत्र के छेनागाड़ में 28 अगस्त को आई विनाशकारी आपदा में लापता हुए नौ लोगों में से चार और के शव शनिवार को बरामद हो गए। इससे पहले शुक्रवार को दो लोगों के शव/अवशेष मिले थे। इसके बाद अब लापता तीन और लोगों की तलाश जारी है। शनिवार को बरामद शवों में से एक की पहचान हुई है। अन्य की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
अगस्त में आई आपदा के बाद छेनागाड़ पूरी तरह मलबे के ढेर में तब्दील हो गया था। कई फीट तक जमा मलबे में लापता लोगों की खोजबीन का कार्य लगातार जारी था, लेकिन लंबे समय तक कोई सफलता नहीं मिली। लगभग दो माह बाद राहत टीमों को शुक्रवार को पहली सफलता हाथ लगी। इसके बाद शनिवार को चार और शव बरामद हुए। इनमें से एक की पहचान स्वजन ने कुलदीप सिंह नेगी पुत्र बीरबल सिंह नेगी निवासी ग्राम उछोला (भोर) थाना गुप्तकाशी, रुद्रप्रयाग के तौर पर की है।
लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ की टीम लगातार छेनागाड़ में मलबा हटाने का कार्य कर रही है। शुक्रवार को शव बरामद होने की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन, पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रशासन के निर्देशों पर लोक निर्माण विभाग ने लगातार खोज अभियान जारी रखा। अब मौसम सुधरने से मलबा और पत्थर हटाने के कार्य में तेजी लाई गई है, ताकि शेष तीन लापता लोगों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सकेगा।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि बरामद शवों की पहचान स्वजन से कराने के प्रयास कराए जा रहे हैं। जिनकी पहचान नहीं हो पा रही है उनके डीएनए टेस्ट के जरिए पहचान कराई जाएगी। वहीं लापता लोगों को खोजने का काम लगातार जारी है। अब तक छह लोगों के शव मलबे से बरामद किए जा चुके हैं।













Leave a Reply