एक शिकायत और सिस्टम अलर्ट—डीएम के एक्शन से बदली तस्वीर

देहरादून : जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण को लेकर जिला प्रशासन लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में झंडा मोहल्ला, तालाब क्षेत्र में क्षतिग्रस्त जल संयोजन पाइप और गंदगी की समस्या पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने त्वरित संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कराई।

80 वर्षीय बुजुर्ग की शिकायत पर तुरंत एक्शन

क्षेत्र की 80 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक श्रीमती रानी महेंद्रु ने पाइपलाइन लीकेज, दूषित पानी के बहाव और नालियों में कूड़ा जमा होने की शिकायत जिलाधिकारी से की थी। उन्होंने बताया कि कई महीनों से समस्या बनी हुई थी, जिससे जल आपूर्ति बाधित हो रही थी और सड़क पर गंदा पानी बहने से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया था।

लापरवाही पर सख्त रुख—एटीआर तलब

मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित विभाग से तत्काल एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) तलब की और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

मौके पर पहुंची टीम, समस्या का समाधान

डीएम के निर्देशों के बाद जल संस्थान की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कर जल आपूर्ति सुचारु की। साथ ही क्षेत्र में फैली गंदगी हटाकर नालियों की सफाई भी कराई गई।

पुरानी अनियमितताओं की भी होगी जांच

शिकायत में पूर्व में हुई लापरवाही और उपभोक्ता से अनावश्यक सामग्री मंगवाने का भी आरोप लगाया गया। जिलाधिकारी ने इस मामले की जांच के आदेश देते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

जनहित सर्वोपरि—डीएम का संदेश

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी समस्याएं संबंधित विभागों या प्रशासनिक माध्यमों के जरिए अवगत कराएं, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!