अल्मोड़ा जिले के भतरोंजखान क्षेत्र में गुरुवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। जागर कार्यक्रम से लौट रहे लोगों की ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक हादसा रापड़ मोड़ से सोनी रानीखेत जाने वाले मार्ग पर हुआ। बुधवार सुबह करीब चार बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि भाटिया-भिकियासैंण मार्ग के पास वाहन संख्या UK04F6683 की नंबर प्लेट सड़क पर पड़ी हुई है। मौके पर वाहन नहीं दिखाई देने पर कार के खाई में गिरने की आशंका जताई गई।
सूचना मिलते ही थाना भतरोंजखान पुलिस, SDRF, 108 एंबुलेंस सेवा, आपदा कंट्रोल, राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान कार सड़क से करीब 150 मीटर नीचे गहरी खाई में क्षतिग्रस्त हालत में मिली।
रेस्क्यू के दौरान कार में सवार तीनों लोगों की मौत की पुष्टि हुई। मृतकों की पहचान भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी, तहसील रानीखेत और कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल, तहसील रानीखेत के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान करने का प्रयास जारी है।
बताया जा रहा है कि तीनों लोग जागरी का कार्य करते थे और मंगलवार रात ग्राम चमोली पुसैला में आयोजित जागर कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
पुलिस ने तीनों शवों को रेस्क्यू कर मोर्चरी रानीखेत भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।












Leave a Reply