देहरादून — उत्तराखंड में लगातार बढ़ रही गर्मी अब लोगों की मुश्किलें बढ़ाने लगी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान कई जिलों में भीषण गर्मी और हीट वेव की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गए हैं। आमजन से सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, नैनीताल और उत्तरकाशी के कुछ इलाकों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि मैदानी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है।
राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी का असर देखने को मिला। बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. झा ने लोगों से दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी जरूरी काम से बाहर जाना पड़े तो सिर को छाते या कपड़े से ढकें और चेहरे को मास्क या सूती कपड़े से सुरक्षित रखें।
डॉ. झा ने शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गर्मी में तरबूज, नींबू पानी, जलजीरा, नारियल पानी और पानी युक्त फलों का सेवन बेहद लाभकारी रहेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण महसूस हों तो तुरंत नजदीकी अस्पताल में संपर्क करें, क्योंकि लापरवाही गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर हीट वेव से जुड़ी सहायता और शिकायतों के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सक्रिय कर दिया गया है।
जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर:
📞 2726066
📞 2626066
📲 व्हाट्सएप: 7534826066
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, पर्याप्त पानी पिएं और गर्मी से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाएं।












Leave a Reply