Advertisement

उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न, 5 जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

Weather news update :  उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने के संकेत हैं। प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं, मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पहाड़ी क्षेत्रों की घाटियों में कोहरा छाने से सुबह के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। विशेष रूप से 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने के आसार हैं। इससे उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता कम हो सकती है, जिससे सड़कों पर आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में पहाड़ी मार्गों पर सफर करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। पहाड़ों में दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है।

राजधानी देहरादून में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने के साथ आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक यहां अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य रह सकता है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होगी।

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा करने वाले पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, किसानों को भी मौसम की परिस्थितियों के अनुसार फसलों की सुरक्षा के इंतजाम करने की जरूरत है। पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने पर ठंड में और इजाफा हो सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!