कालू सिद्ध मंदिर पहुंचे बंशीधर तिवारी, दर्शन कर मांगी प्रदेश और देश की खुशहाली

हल्द्वानी। सूचना महानिदेशक एवं अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने शुक्रवार को कालाढूंगी चौराहे स्थित प्रसिद्ध कालू सिद्ध मंदिर में दर्शन कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर पहुंचकर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और जनकल्याण की मंगलकामना की।

मंदिर दर्शन के दौरान बंशीधर तिवारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी लंबे समय से कालू सिद्ध मंदिर में दर्शन करने की इच्छा थी, जो आज पूर्ण हुई। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर उन्होंने राज्य सरकार के निर्देशों तथा जिला प्रशासन के प्रयासों से संपन्न किए गए मंदिर शिफ्टिंग एवं सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासन द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क अवसंरचना को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सड़कों के चौड़ीकरण से आम जनता को ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनेगी। साथ ही उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक और सुखद बनेगी।

बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिए सरकार और जिला प्रशासन समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। बेहतर सड़क नेटवर्क से प्रदेश की सकारात्मक छवि राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार द्वारा संचालित विकास परियोजनाएं प्रदेश की प्रगति और जनसुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!