दून अस्पताल में इस्तीफे का ‘धमाका’, डॉ. नंदन बिष्ट के फैसले से बढ़ी हलचल

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से स्वास्थ्य विभाग की बड़ी खबर सामने आई है। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उप चिकित्सा अधीक्षक (Deputy MS) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के फिजिशियन डॉ. नंदन सिंह बिष्ट ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

सीएम के फिजिशियन का इस्तीफा बना चर्चा का विषय, दून अस्पताल में आखिर चल क्या रहा है?

जानकारी के अनुसार, डॉ. बिष्ट ने चार दिन पहले अपना इस्तीफा भेजा था, जिसे दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. गीता जैन ने स्वीकार कर लिया है। आधिकारिक तौर पर इस्तीफे की वजह निजी कारण बताई जा रही है, लेकिन अस्पताल के भीतर चल रही चर्चाएं कई अन्य सवाल भी खड़े कर रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से अस्पताल में आयुष्मान योजना से जुड़े मामलों, वित्तीय प्रक्रियाओं और हाल ही में सामने आई मैस अनियमितताओं की जांच को लेकर माहौल गर्म रहा है। वहीं, कुछ सूत्र प्रशासनिक स्तर पर चल रही खींचतान को भी इस इस्तीफे से जोड़कर देख रहे हैं।

हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही डॉ. बिष्ट की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने आई है।

दून अस्पताल प्रदेश का सबसे बड़ा सरकारी स्वास्थ्य संस्थान है। ऐसे में एक वरिष्ठ अधिकारी के अचानक इस्तीफे ने स्वास्थ्य महकमे में हलचल बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि इस पद पर अगली नियुक्ति किसे मिलती है और अस्पताल प्रशासन इन सवालों पर क्या जवाब देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!