Gold-Silver Price Crash: 5 दिन में ₹9,000 तक टूटी चांदी, सोना भी धड़ाम… खरीदारी का सुनहरा मौका?

जून महीने के आखिर तक Gold-Silver Price में लगातार बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। सोमवार को भी घरेलू कमोडिटी बाजार (MCX) में सोना और चांदी दोनों की कीमतों में तेज कमजोरी दर्ज की गई। सोना करीब ₹1,300 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹1,500 प्रति किलोग्राम तक सस्ती हो गई।

सुबह 11 बजे के आसपास MCX पर 5 अगस्त फ्यूचर गोल्ड का भाव ₹1,41,099 प्रति 10 ग्राम रहा, जो पिछले सत्र से ₹1,300 (0.92%) नीचे था। वहीं 4 सितंबर फ्यूचर सिल्वर की कीमत ₹2,20,247 प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी, जिसमें ₹1,500 की गिरावट दर्ज की गई।

जून महीने के दौरान दोनों कीमती धातुओं में बड़ी गिरावट आई है। आंकड़ों के अनुसार, इस महीने चांदी करीब ₹54,400 (लगभग 20%) और सोना करीब ₹20,000 (करीब 12.5%) तक सस्ता हुआ है।

अगर पिछले 10 दिनों की बात करें तो 19 जून को चांदी का भाव ₹2.39 लाख प्रति किलोग्राम था, जो अब घटकर ₹2.21 लाख के करीब पहुंच गया है। यानी सिर्फ 10 दिनों में ₹18,000 और पिछले 5 दिनों में करीब ₹9,000 की गिरावट दर्ज की गई है।

वहीं सोने का भाव 19 जून को ₹1.47 लाख प्रति 10 ग्राम था, जो अब घटकर ₹1.41 लाख के आसपास आ गया है। इस दौरान सोना ₹6,000 प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ, जबकि पिछले 5 दिनों में करीब ₹2,000 की गिरावट दर्ज की गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव बना हुआ है। स्पॉट गोल्ड की कीमत 1% से अधिक गिरकर 3,996.05 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जबकि स्पॉट सिल्वर 1.37% टूटकर 57.83 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखाई दी।

विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक बाजार में मुनाफावसूली, डॉलर की चाल और निवेशकों की बदलती रणनीति के चलते सोने-चांदी पर दबाव बना हुआ है। हालांकि, कीमतों में आई इस गिरावट को कई निवेशक लंबी अवधि की खरीदारी के अवसर के रूप में भी देख रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!