देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात शराब ठेके के बाहर हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोलियों की चपेट में आकर दो युवक घायल हो गए। दोनों घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे रायपुर थाना क्षेत्र के छह नंबर पुलिया से आगे रिंग रोड स्थित शराब ठेके के बाहर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ठेके की कैंटीन में कई लोग मौजूद थे। इसी दौरान लोअर राजीव नगर निवासी नवीन राणा अपने दोस्त के साथ वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि नवीन सिगरेट पीने के लिए बाहर निकला तो उसने दो पक्षों के बीच विवाद होते देखा। वह वापस अंदर जाने ही वाला था कि अचानक फायरिंग शुरू हो गई।
फायरिंग के दौरान पहली गोली नवीन राणा के कंधे में लगी, जो आर-पार निकल गई। वहीं दूसरी गोली पास में खड़े बिजनौर निवासी कैनेन्द्र के पैर में लगी। गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल नवीन राणा को कैलाश अस्पताल और कैनेन्द्र को दून अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए चार विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
फायरिंग की घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने शराब ठेके के बाहर धरना देकर ठेका हटाने की मांग की। उनका कहना है कि ठेके के बाहर आए दिन शराबियों के बीच मारपीट और हंगामा होता रहता है, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फायरिंग के पीछे की वजह, विवाद के कारणों और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














Leave a Reply