Advertisement

सर्वजन सनातन पार्टी में उत्तराखंड के अनुसूया प्रसाद उनियाल को बड़ी जिम्मेदारी, बने राष्ट्रीय संगठन मंत्री

लखनऊ: सर्वजन सनातन पार्टी ने संगठन के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए उत्तराखंड के अनुसूया प्रसाद उनियाल को राष्ट्रीय संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है। लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी की ओर से उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। इस नियुक्ति के साथ उनियाल को राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और विभिन्न राज्यों में पार्टी की गतिविधियों का विस्तार करने की जिम्मेदारी मिली है।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एम. नागेश्वर राव ने प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि पार्टी प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। नागेश्वर राव पूर्व में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्य कर चुके हैं। प्रेस वार्ता में उन्होंने पार्टी के उद्देश्यों और आगामी राजनीतिक रणनीति को भी सामने रखा।

संगठनात्मक विस्तार के तहत उत्तराखंड से प्रमोद चंद्र को प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी की ओर से संकेत दिया गया है कि उत्तराखंड में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर जल्द ही देहरादून में प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी।

सर्वजन सनातन पार्टी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सनातन सभ्यता को अपने प्रमुख मुद्दों में शामिल किया है। पार्टी का कहना है कि वह सभी के लिए सुलभ एवं उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, निःशुल्क उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार के अवसर और सनातन सभ्यता के पुनरुत्थान पर जोर देगी। इसके साथ ही सामाजिक समरसता, सनातन संस्कृति और जनकल्याण को केंद्र में रखकर राजनीति करने की बात कही गई है।

अनुसूया प्रसाद उनियाल को राष्ट्रीय संगठन मंत्री बनाए जाने के बाद अब उत्तराखंड में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार पर नजरें रहेंगी। देहरादून में प्रस्तावित प्रेस वार्ता में पार्टी की प्रदेश स्तर की रणनीति और आगामी गतिविधियों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा से पार्टी ने अपनी चुनावी मंशा भी जाहिर कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!