
Handi Restaurant Dehradun: खाद्य सुरक्षा टीम के निरीक्षण में खुली पोल, बासी चावल-चिकन करी समेत 5 किलो चावल और 15 किलो सब्जियां नष्ट; 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी
देहरादून। राजधानी देहरादून में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी का गंभीर मामला सामने आया है। न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में निरीक्षण के दौरान सड़ी-गली सब्जियां, बासी खाद्य सामग्री, कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी के साथ ही साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था मिली। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। साथ ही, रेस्टोरेंट संचालक अभय सिंह नेगी को कमियां दूर करने के लिए 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।
यह कार्रवाई आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तराखंड तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के दिशा-निर्देशन में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीमा डुंगराकोटी और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया।

रसोई में मिली सड़ी-गली सब्जियां, कई दिन पुरानी खाद्य सामग्री
निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट के फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू सहित कई सब्जियां सड़ी-गली अवस्था में मिलीं। इसके अलावा करीब दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पहले गूंथा गया आटा तथा लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज और चाउमीन बनाने की सामग्री भी पाई गई। खाद्य पदार्थों को खुले बर्तनों में रखा गया था, जो खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
मसालों की थैलियां चूहों ने कुतरीं, रसोई में मिले कॉकरोच
खाद्य सुरक्षा टीम को रसोईघर और मसाले रखने वाली अलमारी में कॉकरोच तथा चूहों की मौजूदगी मिली। मसालों की कई थैलियां चूहों द्वारा कुतरी हुई थीं। स्टोर रूम में भी चूहों की मौजूदगी पाई गई। इस स्थिति को खाद्य पदार्थों की सुरक्षित तैयारी और भंडारण के लिहाज से गंभीर माना गया।
बर्तन धोने वाले क्षेत्र में भी साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। वहां तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन और जमा कूड़ा-कचरा पाया गया। नालियां जाम थीं और ड्रेनेज सिस्टम भी खराब स्थिति में मिला।
मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल और पानी की जांच के रिकॉर्ड नहीं मिले
निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट प्रबंधन कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके अलावा पेस्ट कंट्रोल कराए जाने के प्रमाण और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की वॉटर टेस्ट रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई। इन कमियों को दूर करने के लिए संचालक को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
पनीर, दूध और चिकन करी के नमूने जांच के लिए भेजे
खाद्य सुरक्षा टीम ने रेस्टोरेंट से पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने जांच के लिए लिए। मौके पर करीब 5 किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, 2 किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी को नष्ट कराया गया। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में लापरवाही पर जताई चिंता
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस प्रकार की गंभीर अनियमितताएं चिंताजनक हैं। यहां विशिष्ट एवं अति विशिष्ट व्यक्तियों (VVIP) सहित अनेक गणमान्य अतिथियों का आवागमन रहता है। ऐसे संस्थान में भोजन तैयार करने और परोसने की व्यवस्था स्वच्छ, सुरक्षित और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।
उन्होंने रसोई में सड़ी-गली खाद्य सामग्री, कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी तथा साफ-सफाई की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए प्रभावी निगरानी जरूरी है।
14 दिन में कमियां दूर नहीं हुईं तो लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई
गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए रेस्टोरेंट को तत्काल बंद कराया गया है। संचालक को 14 दिन के भीतर सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें परिसर की गहन साफ-सफाई, खराब खाद्य सामग्री का निस्तारण, प्रभावी पेस्ट कंट्रोल, नालियों एवं ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत, पेयजल की गुणवत्ता की जांच और कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से जुड़े आवश्यक अभिलेख तैयार रखना शामिल है।
निर्धारित अवधि के दौरान टीम दोबारा रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर सुधारात्मक कार्यों की स्थिति का सत्यापन करेगी। यदि कमियां दूर नहीं की गईं और अपेक्षित सुधार नहीं मिला, तो लागू कानूनी प्रावधानों के तहत रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित करने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य, उपभोक्ता हितों और सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।














Leave a Reply