
देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून दौरे और परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। भाजपा जहां इस कार्यक्रम को लेकर अपनी उपलब्धियां और राजनीतिक संदेश सामने रख रही है, वहीं कांग्रेस ने जनसभा को फ्लॉप करार देते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अमित शाह की सभा को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों को जुटाने में पार्टी नाकाम रही। उन्होंने दावा किया कि जनसभा में उमड़ी भीड़ प्रदेश की जनता के भाजपा के प्रति बदलते रुख का संकेत है।
त्योहार के दिन व्यापारियों का कारोबार प्रभावित होने का आरोप
धस्माना ने कहा कि त्योहार के दिन बाजारों में व्यापारियों को कारोबार की उम्मीद रहती है। पहले से ही मंदी की मार झेल रहे व्यापारियों को इस दिन कुछ राहत मिल सकती थी, लेकिन भाजपा के कार्यक्रम के चलते उनका पूरे दिन का व्यापार प्रभावित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और भाजपा को आम लोगों तथा व्यापारियों की परेशानियों की चिंता नहीं है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश की जनता पिछले दस वर्षों से भाजपा के शासन से परेशान है और अब बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि अमित शाह की सभा में अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नहीं जुटना इसी नाराजगी का संकेत है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी भाजपा को घेरा
कांग्रेस ने अमित शाह के कार्यक्रम में कम भीड़ रहने के पीछे अंकिता भंडारी हत्याकांड को भी एक प्रमुख कारण बताया। धस्माना ने कहा कि अंकिता के माता-पिता आज भी अपनी बेटी के लिए संपूर्ण न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने इस मामले में कथित वीआईपी की भूमिका और उसे बचाने के आरोपों को लेकर भी भाजपा पर सवाल उठाए।
‘हैट्रिक’ के दावे पर कांग्रेस का पलटवार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से उत्तराखंड में भाजपा की हैट्रिक लगाने के दावे पर भी कांग्रेस ने पलटवार किया। धस्माना ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा को हैट्रिक की बात करने के बजाय प्रदेश से अपनी विदाई की तैयारी करनी चाहिए। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।
SIR और वोटर लिस्ट को लेकर भी उठाए सवाल
कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। धस्माना ने कहा कि राहुल गांधी ने देशभर में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया है, लेकिन चुनाव आयोग इन सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग से सवाल पूछे जाने पर भाजपा को जवाब देना पड़ रहा है। कांग्रेस का दावा है कि देशभर में करीब 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित किया गया है। पार्टी ने इस पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए हैं।
गौरतलब है कि परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले किए थे। ऐसे में राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।













Leave a Reply