
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृहमंत्री अपराह्न 12 बजे परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद पुलिस लाइन में कार्यक्रम प्रस्तावित है। वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थलों और संबंधित व्यवस्थाओं को अलग-अलग जोन एवं सेक्टर में विभाजित किया गया है। यहां जोनल और सेक्टर अधिकारियों की तैनाती कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है।
सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन पर विशेष फोकस
अमित शाह के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट, परेड ग्राउंड स्थित अस्थायी हेलीपैड और रिजर्व पुलिस लाइन में अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ कार्यक्रम में पहुंचने वाले अतिथियों और आमजन की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

सीडीओ ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
दौरे की तैयारियों को लेकर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में जोनल अधिकारियों, सेक्टर अधिकारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए तैनात ड्यूटी प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उनके दायित्वों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
सीडीओ ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और सौंपे गए कार्यों को जिम्मेदारी एवं आपसी समन्वय के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से तत्काल अपने ड्यूटी स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का आकलन करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी प्रकार की कमी या आवश्यकता सामने आती है तो उसकी सूचना समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा सकें।
मंच से लेकर चिकित्सा और अग्निशमन तक तैयारियां
परेड ग्राउंड में मुख्य मंच, वीआईपी एवं अतिथि दीर्घाओं, ग्रीन रूम, डाइनिंग और अन्य सुविधाओं के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन, स्वच्छता, चिकित्सा और अग्निशमन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करेंगे और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे और राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराना है।













Leave a Reply