Advertisement

रेखा आर्य के पति झांसी में हिरासत में, SIT की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी नजरें

देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से फरार चल रहे गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी से हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक, उत्तराखंड पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की है। हालांकि, उनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।

रेखा आर्य की शिकायत के बाद दर्ज हुआ था मुकदमा

गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की शिकायत पर देहरादून की कैंट कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। जांच के दौरान उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी होने की जानकारी भी सामने आई थी।

उत्तराखंड से यूपी तक चल रही थी तलाश

मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस गिरधारी लाल साहू की तलाश में जुटी थी। बताया जा रहा है कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं। अब झांसी से हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आने के बाद मामले में बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

दोपहर एक बजे SIT की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर नजर

जानकारी के मुताबिक, एसआईटी शनिवार दोपहर करीब एक बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा कर सकती है। इस दौरान गिरधारी लाल साहू को हिरासत में लेने की कार्रवाई, उनकी तलाश के दौरान सामने आए तथ्यों और आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर जानकारी दी जा सकती है।

फिलहाल पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार है। एसआईटी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हिरासत में लेने की पूरी कार्रवाई कैसे हुई और मामले में आगे क्या कदम उठाए जाएंगे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!