Advertisement

हाईवे पर काल बनकर दौड़ी बस! 100 मीटर गहरी खाई में समाई, 8 घरों में पसरा मातम, 26 घायल

देहरादून/ऋषिकेश: उत्तराखंड की पहाड़ी सड़क पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिहरी जिले के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में गूलर के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, बस संख्या UK09PA9779 हरिद्वार से बदरीनाथ और जोशीमठ की ओर जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे गूलर के पास चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 32 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।

इस दुर्घटना में अब तक 8 यात्रियों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि करीब 26 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। शुरुआती जानकारी में घायलों और मृतकों की संख्या कम बताई गई थी, लेकिन रेस्क्यू अभियान आगे बढ़ने के साथ आंकड़ा बढ़ता गया।

घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस के साथ गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी तत्काल घटनास्थल पर बुलाया गया।

खाई की गहराई और दुर्गम रास्ते के चलते राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना रहा। एसडीआरएफ के जवानों ने खाई में उतरकर घायलों और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। पुलिस और फायर सर्विस की टीमें भी बचाव कार्य में जुटीं। घायलों को सड़क तक पहुंचाकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई।

एसडीआरएफ इंचार्ज कविंद्र सजवाण ने शुरुआती जानकारी में बताया था कि बस में करीब 32 यात्री सवार थे। उस समय छह लोगों की मौत और लगभग 20 यात्रियों के घायल होने की सूचना थी। बाद में हादसे में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की जानकारी सामने आई।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बस अनियंत्रित कैसे हुई।

हादसे में घायल यात्रियों की सूची

अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार घायलों में शामिल हैं—

  1. मोहम्मद वहाब अंसारी, उम्र 22 वर्ष, निवासी दुमका, झारखंड।
  2. राहुल कुमार, उम्र 24 वर्ष, निवासी पटना, बिहार।
  3. अभिषेक, उम्र 28 वर्ष, निवासी जसपुर, ऊधमसिंहनगर।
  4. प्रत्यूष, उम्र 23 वर्ष, निवासी खटीमा, ऊधमसिंहनगर।
  5. अर्जुन सौरन, उम्र 34 वर्ष, निवासी दुमका, झारखंड।
  6. बुधन मुर्मू, उम्र 50 वर्ष, निवासी दुमका, झारखंड।
  7. आयरा, उम्र 3 वर्ष, निवासी गुवाहाटी, असम।
  8. नूर जहां, उम्र 26 वर्ष, निवासी गुवाहाटी, असम।
  9. राजकुमार, उम्र 32 वर्ष, निवासी दुमका, झारखंड।
  10. जतिन, उम्र 21 वर्ष, निवासी शाहदरा, दिल्ली।
  11. पंकज नेगी, उम्र 31 वर्ष, निवासी रुद्रप्रयाग।
  12. संतोष कुमार, उम्र 38 वर्ष, निवासी जहानाबाद, बिहार।
  13. वीरेंद्र सिंह, उम्र 58 वर्ष, निवासी कर्णप्रयाग, चमोली।

पहाड़ी सड़कों पर फिर उठा सुरक्षा का सवाल

ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। गहरी खाइयों, संकरे रास्तों और जोखिम भरे मोड़ों वाले इन मार्गों पर जरा सी चूक भी बड़े हादसे में बदल सकती है। फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ का राहत एवं बचाव अभियान जारी है। दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!