Advertisement

अब पॉडकास्ट से गूंजेगी सरकार की बात! डीआईपीआर ने शुरू की डिजिटल पहल

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर किया शुभारंभ, फेक न्यूज पर लगाम और सोशल मीडिया के जिम्मेदार इस्तेमाल पर दिया जोर

देहरादून। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) ने डिजिटल मीडिया की दिशा में नई पहल करते हुए डिजिटल पॉडकास्ट की शुरुआत की है। जिला सूचना कार्यालय देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्वयं पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर इस पहल का औपचारिक शुभारंभ किया।

इस नई पहल के जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को डिजिटल माध्यम से आम जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान बंशीधर तिवारी ने कहा कि डिजिटल युग में पॉडकास्ट सूचना और संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसके जरिए जटिल जानकारियों को भी सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही फेक न्यूज को गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि बिना पुष्टि किए किसी खबर या जानकारी को आगे न बढ़ाए। उन्होंने विश्वसनीय सूचना के प्रसार को समय की जरूरत बताया।

स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को वैश्विक पहचान दिलाने में भी डिजिटल मीडिया की भूमिका पर उन्होंने जोर दिया। तिवारी ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों को देश-दुनिया तक पहुंचाने का अवसर मिला है। हरेला, इगास और छठ पूजा जैसे पर्वों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों ने पारंपरिक पर्वों को व्यापक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने युवा पीढ़ी और पत्रकारिता के विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल समाज में सकारात्मक संवाद, विश्वसनीय सूचनाओं और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान सूचना महानिदेशक ने जिला सूचना कार्यालय देहरादून का निरीक्षण भी किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ सहायक इंद्रेश कोठारी सहित जिला सूचना कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!