Advertisement

दुकान नहीं मिली, लाखों भी अटके! पूर्व मेयर के नाम से एसएसपी तक पहुंची शिकायत

देहरादून में नगर निगम की दुकानों के आवंटन का झांसा देकर लाखों रुपये लेने का आरोप, दो शिकायतकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय में उठाया मामला; पूर्व मेयर ने आरोपों को बताया साजिश

देहरादून में नगर निगम की दुकानों के नाम पर कथित लाखों रुपये के लेनदेन का मामला सामने आया है। दो लोगों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा, उनके बेटे शाश्वत उनियाल और नगर निगम कर्मचारी दिनेश खन्ना का नाम शामिल किया गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि दुकान दिलाने का भरोसा देकर उनसे लाखों रुपये लिए गए, लेकिन न दुकान मिली और न ही पूरी रकम वापस की गई। हालांकि, पूर्व मेयर ने आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे बदनाम करने की साजिश बताया है।

शिकायतकर्ता विजयराज चौहान के मुताबिक, वर्ष 2019 में उन्हें नगर निगम की जमीन लीज पर दिलाने और राजपुर रोड व मसूरी रोड क्षेत्र में तीन पक्की दुकानें आवंटित कराने का भरोसा दिया गया था। इसी आश्वासन के बाद उन्होंने अलग-अलग किस्तों में रकम देना शुरू किया। उनका दावा है कि इस सिलसिले में करीब 45 लाख रुपये दिए गए।

बताया गया कि जब दुकान आवंटन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी तो वर्ष 2023 में उन्हें मसूरी रोड पर खाला गांव के पास मैगी प्वाइंट और कुठाल गेट के आसपास नगर निगम की चिन्हित भूमि पर दुकान दिलाने का नया प्रस्ताव दिया गया। इस दौरान दिनेश खन्ना से संपर्क कराया गया और कुछ कागजात भी लिए गए, लेकिन कथित तौर पर दुकान आवंटन का मामला आगे नहीं बढ़ा।

विजयराज का आरोप है कि काफी समय तक इंतजार करने के बाद वर्ष 2025 में जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो कुछ पैसा लौटाया गया, लेकिन करीब 20 लाख रुपये अब भी बकाया हैं। दुकान मिलने का इंतजार भी अब तक खत्म नहीं हुआ।

दूसरी शिकायत सूरजपाल सिंह की ओर से की गई है। सूरजपाल सिंह का दावा है कि वह पूर्व मेयर के निजी सचिव रह चुके हैं। उनके मुताबिक, वर्ष 2022-23 के दौरान दुकान आवंटित कराने का भरोसा देकर उनसे 20 लाख रुपये लिए गए। आरोप है कि रकम नकद, ऑनलाइन भुगतान और शाश्वत उनियाल के चचेरे भाई तनुज उनियाल के माध्यम से दी गई। इसके बावजूद उन्हें न दुकान मिली और न ही उनकी रकम वापस की गई।

सूरजपाल सिंह ने पैसे वापस मांगने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप भी लगाया है। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

वहीं, पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्हें जानबूझकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने जांच किसी भी एजेंसी से कराने की बात कहते हुए कहा कि जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी। पूर्व मेयर ने शिकायतकर्ताओं पर ब्लैकमेल करने का आरोप भी लगाया है।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ नितिन लोहानी के मुताबिक, शिकायत को लेकर जांच की जा रही है।

अब मामले में पुलिस जांच के बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी। नगर निगम की दुकानों के आवंटन के नाम पर कथित लेनदेन, लाखों रुपये की रकम और एक पूर्व मेयर का नाम शिकायत में सामने आने से मामला चर्चा में है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!