Advertisement

मसूरी में देश-दुनिया के साइकिल राइडर्स का जमावड़ा, 26 नवंबर को होगा MTB चैलेंज का फिनाले!

Dehradun: देहरादून में साहसिक पर्यटन को नई पहचान देने वाली माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता ‘द अल्टीमेट उत्तराखंड एमटीबी चैलेंज-2026’ का समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा। प्रतियोगिता के अंतिम चरण और समापन समारोह को भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। देश-दुनिया के साइकिलिंग प्रतिभागियों की मौजूदगी के बीच मसूरी में रोमांच, रफ्तार और साहस का संगम देखने को मिलेगा।

प्रतियोगिता के समापन आयोजन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के निर्देश दिए गए।

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के तत्वावधान में साइकलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित पांचवें संस्करण की यह प्रतियोगिता 18 से 26 नवंबर 2026 तक चल रही है। समापन रैली सुबखोली से होते हुए मसूरी बाईपास तिराहे स्थित लक्ष्मणपुरी में संपन्न होगी।

प्रतिभागियों की सुरक्षा को देखते हुए चिकित्सा विभाग को सुबखोली और फिनिशिंग प्वाइंट पर मेडिकल टीम व एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, पुलिस विभाग रैली मार्ग पर यातायात नियंत्रण, सुरक्षा और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था संभालेगा। परिवहन विभाग को भी सुबखोली से समापन स्थल और मसूरी तक यातायात संचालन में सहयोग करने को कहा गया है।

समापन कार्यक्रम में स्थानीय छात्र-छात्राओं की भागीदारी भी देखने को मिलेगी। शिक्षा विभाग को मार्ग में पड़ने वाले विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने और फिनिशिंग प्वाइंट पर प्रतिभागियों के भोजन की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी दी गई है। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल स्वयंसेवकों और पीआरडी जवानों की तैनाती करेगा, जबकि खेल विभाग जरूरत के अनुसार खेल प्रशिक्षकों को उपलब्ध कराएगा।

आयोजन के दौरान किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को फिनिशिंग प्वाइंट और प्रमुख स्थानों पर एसडीआरएफ टीम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मसूरी नगर पालिका परिषद रैली मार्ग की सफाई, सफाई कर्मियों की तैनाती, डस्टबिन, मार्ग संकेतक बोर्ड और मार्किंग की व्यवस्था करेगी। समापन स्थल पर सामुदायिक साफ-सफाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने और अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि उत्तराखंड की इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता का समापन यादगार और सुरक्षित तरीके से कराया जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, सीएमओ नरेंद्र कुमार, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान, जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरंग, टीआई पुलिस नरेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!