Advertisement

देहरादून के विकास की कमान नए CDO के हाथ, डा. दीपक सैनी ने संभाला पदभार

देहरादून: जनपद देहरादून को नया मुख्य विकास अधिकारी (CDO) मिल गया है। नवनियुक्त सीडीओ डा. दीपक सैनी ने बुधवार, 18 नवंबर को विधिवत कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने ग्रामीण विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों की गुणवत्ता और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया।

कार्यभार संभालने के बाद डा. दीपक सैनी ने शासन का आभार जताते हुए कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और योजनाओं को धरातल पर उतारने पर विशेष जोर दिया।

नए सीडीओ की प्राथमिकताओं में ग्रामीण विकास और आजीविका संवर्धन प्रमुख रहेगा। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करने पर फोकस किया जाएगा। इसके साथ ही निर्माण और विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी कर लंबित कार्यों को गति देने तथा गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की बात कही गई।

शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना भी उनके एजेंडे में शामिल है। खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार करने के साथ जनसमस्याओं के समाधान के लिए नियमित फील्ड विजिट और ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।

डा. दीपक सैनी ने पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों की भौगोलिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण संरक्षण, आपदा सुरक्षा और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सहयोग से टीम भावना, पारदर्शिता और परिणामोन्मुख कार्यशैली के साथ काम किया जाएगा, ताकि विकास का असर आम लोगों के जीवन में दिखाई दे।

अब नए सीडीओ के सामने योजनाओं को कागजों से निकालकर धरातल पर उतारने, विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!