
देहरादून के सहसपुर ब्लॉक की 10 महिलाओं ने अपने हुनर और मेहनत से ऐसा कारोबार खड़ा किया कि दीपावली और भैया दूज पर उनके तैयार गिफ्ट हैंपर दिल्ली की कंपनियों तक पहुंच गए। गांव में तैयार पहाड़ी उत्पादों से सजे 650 से अधिक गिफ्ट हैंपर बेचकर समूह ने 18 लाख रुपये से ज्यादा का कारोबार किया। यह सफलता ग्रामीण महिलाओं के हुनर को बड़े बाजार से जोड़ने की एक नई मिसाल बनकर सामने आई है।
ग्राम कोटरा कल्याणपुर स्थित दून गूजबेरी फार्म स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दीपावली से पहले दिल्ली की कंपनियों से आकर्षक गिफ्ट हैंपर तैयार करने के ऑर्डर मिले थे। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी समूह की 10 महिलाओं ने निर्धारित समयसीमा में सभी ऑर्डर तैयार कर दिल्ली भेजे। दो से तीन हजार रुपये प्रति हैंपर की कीमत पर इनकी बिक्री हुई और समूह की कुल आय 18 लाख रुपये से अधिक पहुंच गई।
इस सफलता के पीछे महिलाओं के पारंपरिक हुनर के साथ स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और बेहतर बाजार तक पहुंच अहम रही। दिल्ली में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से संचालित सरस गैलरी में उत्पादों को प्रदर्शित करने का मौका मिलने के बाद समूह की पहुंच बड़े संस्थानों और कंपनियों तक बनी। यहीं से महिलाओं के उत्पादों को बड़े ऑर्डर मिलने का रास्ता खुला।

इन गिफ्ट हैंपरों की खासियत इनकी सजावट नहीं, बल्कि इनके भीतर समेटे उत्तराखंड के स्वाद और स्थानीय उत्पाद थे। बुरांश का जूस, हस्तनिर्मित मोमबत्तियां, दीये, सेब का जैम, आम और नींबू की चटनी, शहद, बिस्किट और पहाड़ी नमक जैसे उत्पादों को आकर्षक ढंग से पैक किया गया। पहाड़ी स्वाद और पारंपरिक उत्पादों के इस मेल ने गिफ्ट हैंपरों को खास पहचान दिलाई और त्योहारों के मौके पर स्थानीय उत्पादों को उपहार के रूप में नई जगह दिलाई।
समूह की अध्यक्ष नमिता रावत नेगी के मुताबिक, 650 से अधिक गिफ्ट हैंपर तैयार कर दो से तीन हजार रुपये प्रति हैंपर की दर से बेचे गए, जिससे समूह को 18 लाख रुपये से अधिक की आय हुई। उन्होंने बताया कि सरस गैलरी जैसे मंच ने स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने और उनकी पहचान मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सहायक परियोजना निदेशक अनीता पंवार ने भी समूह की इस उपलब्धि को ग्रामीण महिला उद्यमिता की मिसाल बताया। उनके अनुसार, राष्ट्रीय स्तर के मंच महिलाओं को उत्पादों की ब्रांडिंग, मार्केटिंग और बिक्री के अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। ऐसे माध्यमों से स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद स्थानीय बाजार से निकलकर देश की बड़ी कंपनियों तक पहुंच रहे हैं और महिलाओं को सीधे व्यावसायिक संबंध बनाने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जरिए ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। दून गूजबेरी फार्म समूह की यह उपलब्धि दिखाती है कि सही प्रशिक्षण, बाजार और अवसर मिलने पर गांव की महिलाएं भी बड़े व्यावसायिक ऑर्डर संभालकर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा सकती हैं।













Leave a Reply