
देहरादून में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर डीएलएसए का सख्त अभियान, बसों में एक्सपायरी दवाइयां, बिना DVR के CCTV और इमरजेंसी गेट के सामने मिलीं सीटें
देहरादून: स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर देहरादून में चलाए जा रहे विशेष निरीक्षण अभियान में चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई है। शहर के नामी-गिरामी विद्यालयों की बसों में भी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया है। कहीं प्राथमिक उपचार बॉक्स में एक्सपायरी दवाइयां मिलीं तो कहीं सीसीटीवी कैमरे तो लगे थे, लेकिन रिकॉर्डिंग के लिए डीवीआर ही मौजूद नहीं था। कई बसों में आपातकालीन निकास द्वार के सामने सीटें तक लगा दी गई थीं। वहीं, कई स्कूल वैन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाया जा रहा था।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल तथा अध्यक्ष एवं जिला जज हरीश कुमार गोयल के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), देहरादून की ओर से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीमा डूंगराकोटी के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने 18 नवंबर को भी विभिन्न स्थानों पर स्कूली वाहनों का सघन निरीक्षण किया।

ईसी रोड पर हुई जांच के दौरान कई प्रतिष्ठित विद्यालयों की बसों में गंभीर खामियां मिलीं। कुछ वाहनों में प्राथमिक उपचार बॉक्स सही स्थिति में नहीं थे और उनमें रखी दवाइयां एक्सपायर हो चुकी थीं। कई बसों में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद रिकॉर्डिंग के लिए डीवीआर उपलब्ध नहीं मिला। कुछ वाहन चालक मौके पर जरूरी दस्तावेज भी नहीं दिखा सके।
निरीक्षण में सबसे गंभीर लापरवाही आपातकालीन निकास द्वार को लेकर सामने आई। कई बसों के चालक और अटेंडेंट को यह तक जानकारी नहीं थी कि आपात स्थिति में इमरजेंसी गेट कैसे खोला जाता है। कुछ बसों में निकास द्वार के सामने ही सीटें लगा दी गई थीं, जिससे दुर्घटना या किसी आपात स्थिति में बच्चों को बाहर निकालना मुश्किल हो सकता है। कई वाहनों में विंडो ग्रिल भी नहीं लगी मिली। इसके अलावा कुछ वाहनों को तेज गति से संचालित होते हुए भी पाया गया।
स्कूल वैन में भी नियमों की अनदेखी सामने आई। कई वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि सुरक्षा संबंधी खामियां केवल छोटे वाहनों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बड़े और प्रतिष्ठित विद्यालयों की बसों में भी गंभीर कमियां मौजूद हैं। डीएलएसए की ओर से संबंधित विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों के लिए सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर एडवाइजरी जारी करने पर भी विचार किया जा रहा है।
अभियान के दौरान अभिभावकों की लापरवाही का मामला भी सामने आया। एक व्यक्ति स्कूटर पर अपने दोनों बच्चों को आगे खड़ा करके ले जा रहा था। बच्चों के स्कूल बैग उनके हाथों में थे और चालक ने हेलमेट भी नहीं पहना था। टीम ने उसे मौके पर रोककर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया और बच्चों की जान जोखिम में डालने के गंभीर परिणामों से अवगत कराया।
16 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक देहरादून में करीब 375 स्कूली वाहनों की जांच की जा चुकी है। इनमें अनियमितताएं मिलने पर लगभग 142 वाहनों के चालान किए गए हैं। निरीक्षण में स्कूल बसों, वैन और बच्चों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले अन्य वाहनों के सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।
डीएलएसए की सचिव सीमा डूंगराकोटी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। आपातकालीन निकास द्वार का अवरुद्ध होना, क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाना और चालक-अटेंडेंट को आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी न होना बेहद गंभीर लापरवाही है। विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रत्येक वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की सुरक्षित यात्रा के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार यह विशेष निरीक्षण अभियान 22 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। इस दौरान संबंधित विभागों के समन्वय से स्कूली वाहनों की जांच की जाएगी और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डीएलएसए ने सभी स्कूल प्रबंधनों, वाहन संचालकों और अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और परिवहन एवं यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।













Leave a Reply