Advertisement

किसानों के लिए दिसंबर में खुलेगा 600 करोड़ का खजाना, उत्तराखंड के 95 ब्लॉक में लगेंगे ऋण मेले

देहरादून: उत्तराखंड में किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से आसानी से ऋण उपलब्ध कराने के लिए सरकार दिसंबर महीने से प्रदेशभर में सहकारिता ऋण मेले आयोजित करने जा रही है। इन मेलों के जरिए करीब 2 लाख किसानों को लाभ पहुंचाने और 600 करोड़ रुपये तक का ऋण वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। आगामी 1 दिसंबर से प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में ऋण मेले आयोजित किए जाएंगे।

सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नाबार्ड मुख्यालय में सहकारिता विभाग और नाबार्ड के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में केंद्र सरकार से वित्तपोषित योजनाओं की प्रगति, ब्याजमुक्त ऋण वितरण, जिला सहकारी बैंकों के एनपीए, सहकारी संस्थाओं की आगामी एजीएम और विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सहकारिता ऋण मेलों के आयोजन की तैयारियां समय से पूरी की जाएं। सभी 95 विकासखंडों में कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने और किसानों को ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में जिला सहकारी बैंकों के एनपीए की स्थिति भी सामने आई। मंत्री ने अधिकारियों को एनपीए वसूली के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके तहत करीब 400 करोड़ रुपये के एनपीए की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अधिकारियों से इस दिशा में गंभीरता से काम करने को कहा गया।

सहकारिता विभाग की योजनाओं की जमीनी स्तर पर समीक्षा के लिए अपर निबंधक, संयुक्त निबंधक और उप निबंधक स्तर के अधिकारियों को जिलों में एमपैक्स (MPACS) स्तर पर बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने और निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत रिपोर्ट 7 दिसंबर तक प्रस्तुत करने को कहा गया है। सहकारिता मंत्री स्वयं 7 दिसंबर को समीक्षा बैठक कर योजनाओं की प्रगति का आकलन करेंगे।

बैठक में जिलों में ऋण वितरण की प्रगति भी सामने आई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, चमोली जिले ने ऋण वितरण के निर्धारित लक्ष्य का 63 प्रतिशत हासिल किया है। उधम सिंह नगर में 52 प्रतिशत, अल्मोड़ा में 50 प्रतिशत, हरिद्वार में 49 प्रतिशत, पौड़ी गढ़वाल में 46 प्रतिशत, उत्तरकाशी में 43 प्रतिशत और देहरादून में 32.72 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया गया है।

इसके अलावा, दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत शून्य प्रतिशत ब्याज पर मिलने वाले अल्पकालीन ऋण वितरण की भी समीक्षा की गई। मध्यकालीन ऋण वितरण में पिथौरागढ़ ने 72 प्रतिशत, चमोली ने 65 प्रतिशत, नैनीताल ने 64 प्रतिशत, उत्तरकाशी ने 56 प्रतिशत, चंपावत ने 53 प्रतिशत और उधम सिंह नगर ने 52 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। वहीं, रुद्रप्रयाग में मध्यकालीन ऋण वितरण की उपलब्धि 43.34 प्रतिशत दर्ज की गई।

सरकार की इस पहल के तहत दिसंबर में आयोजित होने वाले सहकारिता ऋण मेलों के जरिए किसानों तक ऋण सुविधा पहुंचाने और सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को अधिक सुलभ बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!