
रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में दहशत फैला दी. पहली घटना में शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवकों को रोकने पर एक सिक्योरिटी गार्ड की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे तीन अन्य लोग भी हमले में घायल हो गए. वहीं, दूसरी घटना में एक पिता ने अपने ही बेटे पर लोहे के सरिये से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.
रुद्रपुर के रेशमबाड़ी क्षेत्र में बीती शाम 50 वर्षीय लीलाधर पुत्र बिहारी लाल अपनी निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान घर के पास कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे. बताया जा रहा है कि युवकों को हंगामा करने से रोकने पर विवाद शुरू हो गया.
लीलाधर के भांजे राहुल पुत्र विजेंद्र पाल ने युवकों को हंगामा करने से मना किया, जिस पर आरोपियों ने राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी. भांजे को पिटता देख लीलाधर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे. आरोप है कि इस दौरान युवकों ने लीलाधर पर चाकू से हमला कर दिया. हमलावरों ने राहुल के साथ ही रामअवतार पुत्र जौहरी लाल और अनुज पुत्र सुखदेव पर भी चाकू से वार किए.

हमले में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास के लोगों ने सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया. वहीं, राहुल, रामअवतार और अनुज का उपचार शुरू किया गया. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से जानकारी ली. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.
इंदिरा कॉलोनी में पिता ने बेटे पर सरिये से किया हमला
रुद्रपुर की इंदिरा कॉलोनी में भी एक गंभीर वारदात सामने आई है. यहां एक पिता ने अपने बेटे पर लोहे के सरिये से हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया. घटना 22 नवंबर की बताई जा रही है.
इंदिरा कॉलोनी निवासी अनिल शादी-विवाह और अन्य कार्यक्रमों की एल्बम तैयार करने का काम करता है. आरोप है कि उसके पिता सुरेश ने किसी बात को लेकर अनिल पर लोहे के सरिये से हमला कर दिया. हमले में अनिल के सिर पर कई वार किए गए, जिससे उसके सिर में तीन गंभीर घाव हो गए.
घायल अनिल को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कराया. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किए गए लोहे के सरिये को भी बरामद कर लिया है.
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी सुरेश की तलाश शुरू कर दी है. फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस पारिवारिक विवाद समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
दोनों घटनाओं में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. एक ओर जहां हंगामा रोकने की कोशिश में सिक्योरिटी गार्ड की जान चली गई, वहीं दूसरी ओर पिता के हमले में बेटा गंभीर रूप से घायल है.













Leave a Reply