Advertisement

उत्तराखंड कैबिनेट के 23 फैसले: वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा बढ़ी, पीजी डॉक्टरों के लिए सरकारी सेवा अनिवार्य

देहरादून: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था, आबकारी और शहरी परिवहन से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। कैबिनेट ने वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष करने, सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल सरकारी सेवा अनिवार्य करने और भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क में 25 प्रतिशत की कमी करने समेत कई प्रस्तावों को मंजूरी दी।

कैबिनेट बैठक के बाद अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने फैसलों की जानकारी दी। सरकार ने प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों को दो साल तक राजकीय सेवा देना अनिवार्य कर दिया है। इसके लिए बॉन्ड की व्यवस्था लागू की जाएगी। डॉक्टरों को निर्धारित अवधि तक सरकारी अस्पतालों में सेवाएं देनी होंगी। सरकार के इस फैसले का उद्देश्य प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करना है।

वन आरक्षी भर्ती में आयु सीमा बढ़ी

वन आरक्षी भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए कैबिनेट ने बड़ा फैसला लिया है। वन आरक्षी पद पर भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। इसके अलावा राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में संशोधन के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय पर मुख्यमंत्री लेंगे फैसला

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अंतिम निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया है। वहीं उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली के विस्तार के तहत सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को मंजूरी प्रदान की गई है।

ESI योजना में बी फार्मा भी शामिल

कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) योजना के तहत अब बी फार्मा को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया है। इससे पहले इस योजना में डी फार्मा ही अनुमन्य था। इसके साथ ही चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत एक्स-रे तकनीशियन नियमावली को भी कैबिनेट की स्वीकृति मिल गई है।

आबकारी विभाग में 11 नए पदों को मंजूरी

प्रशासनिक और विभागीय व्यवस्था से जुड़े फैसलों में उत्तराखंड राज्य नियोजन आयोग के अंतर्गत सेतु आयोग के ढांचे को मंजूरी दी गई है। वहीं आबकारी विभाग में 11 नए पदों के सृजन को भी कैबिनेट ने स्वीकृति प्रदान की है।

भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क में 25 प्रतिशत की कटौती

कैबिनेट ने भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरों में 25 प्रतिशत की कमी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस फैसले के अलावा हरिद्वार शहर में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली लागू करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई। इसके लिए रूट निर्धारित किए गए हैं।

चीनी मिलों को बैंक गारंटी और विधानसभा सत्रावसान को मंजूरी

कैबिनेट ने चीनी मिलों को पेराई सत्र के दौरान सरकारी बैंक से गारंटी उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। वहीं विधानसभा सत्र के सत्रावसान को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

धामी कैबिनेट की बैठक में लिए गए 23 फैसलों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, भर्ती से जुड़े नियमों में बदलाव, सामाजिक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सुधार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!