हरियाणा के एक कांवड़ यात्री ने गृह क्लेश के चलते चाकू से अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस और अन्य कावड़ यात्रियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। ऐसा बताया गया है कि युवक का उसकी पत्नी से विवाद हुआ था। डॉक्टर ने गले पर टांके लगाए हैं। फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस के मुताबिक, प्रवीण कुमार निवासी रोहतक हरियाणा सोमवार को कांवड़ लेने हरिद्वार आया था। यात्रा पूरी कर लौटते वक्त ज्वालापुर में उसने अचानक खुद का गला काट लिया। खून बहते ही वह दीवार से टकराकर नीचे गिर गया। यह देख अन्य शिवभक्तों ने तत्काल उसे रोका और 108 सेवा को कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
घायल अवस्था में उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इमरजेंसी में उसका ऑपरेशन कर गले पर टांके लगाए। समय पर उपचार शुरू होने से उसकी जान बच गई। युवक की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ज्वालापुर कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि युवक मानसिक रूप से परेशान था। पूछताछ में उसने बताया कि उसका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। बताया कि युवक के स्वजनों को सूचित कर दिया है। स्वजन रोहतक से हरिद्वार रवाना हो चुके हैं।
Leave a Reply