ऋषिकेश/देवप्रयाग। ऋषिकेश-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के पास देर रात बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में पत्थर और मलवा एक चलते ट्रक पर आ गिरा, जिससे ट्रक चालक मलवे में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
रात 3:05 बजे मिली सूचना, SDRF ने संभाला मोर्चा
State Disaster Response Force Uttarakhand (SDRF) ढालवाला को रात करीब 3:05 बजे सूचना मिली कि तोताघाटी क्षेत्र में भूस्खलन के कारण ऊपर से भारी मलवा गिरा है, जिसकी चपेट में ट्रक संख्या UK12C-A0971 आ गया।
एसडीआरएफ ढालवाला के प्रभारी निरीक्षक कवींद्र सजवाण के अनुसार, टीम उपनिरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में तत्काल मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने पुलिस के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक के केबिन में फंसे चालक का शव बाहर निकाला और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मृतक की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले चालक की पहचान मुरारी लाल (55 वर्ष) पुत्र दुर्गा लाल, निवासी घुट्टियानी, जनपद चमोली के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मलवे की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हाईवे बंद, यातायात प्रभावित
भूस्खलन के चलते ऋषिकेश-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात ठप हो गया है। प्रशासन द्वारा मार्ग से मलवा हटाने का कार्य जारी है। जब तक रास्ता साफ नहीं हो जाता, तब तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहने की संभावना है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य लें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।












Leave a Reply