देहरादून में दिनदहाड़े मर्डर का खुलासा: जिम से निकलते ही बरसाई गोलियां, दो शूटर गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून के व्यस्त इलाके राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास हुई विक्रम शर्मा की दिनदहाड़े हत्या के मामले का खुलासा हो गया है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखंड और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

महीनों पहले रची गई थी साजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि विक्रम शर्मा की हत्या की साजिश कई माह पहले ही तैयार कर ली गई थी। आरोपी पहले जमशेदपुर और नोएडा में उसे निशाना बनाने की फिराक में थे, लेकिन हर बार उसके साथ लोगों की मौजूदगी के कारण योजना सफल नहीं हो सकी।

सूत्रों के अनुसार, घटना से करीब तीन महीने पहले साजिश में शामिल एक आरोपी ने उस जिम में नौकरी कर ली थी, जहां विक्रम शर्मा नियमित रूप से व्यायाम करने जाता था। यह कदम पूरी वारदात की रेकी और मौके की सही जानकारी जुटाने के लिए उठाया गया था।

जिम से बाहर निकलते ही मारी गोली

घटना के दिन आरोपियों ने फोन के जरिए अपने साथियों को सूचना दी कि विक्रम शर्मा जिम में मौजूद है। जैसे ही वह जिम से बाहर निकला, हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।

भागने के लिए आरोपियों ने हरिद्वार से किराए पर ली गई स्कूटी और बाइक का इस्तेमाल किया था, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

सीसीटीवी और सर्विलांस से मिली बड़ी सफलता

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच में पता चला कि हत्या में शामिल मुख्य आरोपी झारखंड के रहने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने जमशेदपुर और नोएडा में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि विक्रम शर्मा का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में कई मामलों में शामिल रहा था। प्रारंभिक जांच के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते ही इस हत्या की साजिश रची गई थी।

फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है। देहरादून पुलिस की ओर से फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!