पत्रकारिता की आवाज दबाने की कोशिश: हरिद्वार बाईपास पर पत्रकार पर जानलेवा हमला

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पत्रकारों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हरिद्वार बाईपास रोड पर वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट पर तीन अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। यह सनसनीखेज घटना एमकेपी क्रॉसिंग (MKP Crossing) के पास शाम करीब 5:45 बजे उस समय हुई, जब पत्रकार हेम भट्ट बाइक से अपने घर लौट रहे थे।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, स्कूटी पर सवार तीन युवक अचानक पत्रकार की बाइक को ओवरटेक कर आगे निकले और रास्ता रोक लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर हेम भट्ट के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में उनके चेहरे और नाक के नीचे गंभीर चोटें आई हैं।

“खबरें दिखाना बंद करो” – हमलावरों की धमकी

हमले के दौरान बदमाशों ने पत्रकार को खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि
“आप बहुत ज्यादा खबरें दिखा रहे हैं, अगर अपनी खबरों को कंट्रोल नहीं किया तो अगली बार जान से मार देंगे।”
यह बयान सीधे तौर पर प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला माना जा रहा है।

भीड़ जुटते ही फरार हुए आरोपी

जब घटनास्थल पर आसपास के लोग जमा होने लगे, तो हमलावर गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल पत्रकार की मदद की, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डालनवाला थाने में दर्ज कराई शिकायत

हमले के बाद पत्रकार हेम भट्ट ने डालनवाला थाना, देहरादून में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने पूरे घटनाक्रम, धमकियों और हमलावरों के भागने का विवरण पुलिस को सौंपा है।

सोशल मीडिया पर आक्रोश, पत्रकारों ने उठाई आवाज

घटना की जानकारी सामने आते ही यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। कई पत्रकार संगठनों और मीडिया कर्मियों ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र और प्रेस की आज़ादी पर सीधा हमला बताया है।

वरिष्ठ पत्रकार अवधेश नौटियाल ने कहा,
“लोकतंत्र में पत्रकारों पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।”

CCTV, कॉल डिटेल और रूट ट्रैकिंग से जांच की मांग

पत्रकारों और सामाजिक संगठनों ने पुलिस से मांग की है कि

  • आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जाए
  • संदिग्धों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकाली जाए
  • स्कूटी के रूट ट्रैकिंग के आधार पर आरोपियों की पहचान की जाए

साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी व्यवस्था लागू करने की भी मांग उठ रही है।

गिरफ्तारी का इंतजार

फिलहाल पुलिस की ओर से जांच जारी होने की बात कही जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!