उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका कहकशा आलम का निकाह 19 नवंबर 2025 को देहरादून के रिस्पना नगर निवासी शहबाज आलम के साथ हुआ था। मृतका के भाई सलमान आसिफ, जो रुद्रप्रयाग के रहने वाले हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शादी के समय उनकी ओर से ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार दान-दहेज दिया गया था।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर कहकशा को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा।
फोन कर बताई थी 50 लाख रुपये की मांग
परिजनों के अनुसार, 18 फरवरी 2026 को कहकशा ने फोन पर बताया था कि उसके ससुराल वाले प्लॉट खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। इसके बाद 3 मार्च की रात करीब 11 बजे भी उसने अपने मायके वालों को फोन कर कहा था कि पति और परिवार के अन्य सदस्य उस पर रुपये लाने का दबाव बना रहे हैं।
रात में आया ससुर का फोन
परिजनों का कहना है कि उसी रात करीब 1:30 बजे ससुर यासीन का फोन आया और उन्होंने बताया कि कहकशा की तबीयत अचानक खराब हो गई है। सूचना मिलने के बाद परिवार देहरादून पहुंचा, जहां अस्पताल में पता चला कि महिला को ससुराल पक्ष मृत अवस्था में ही लेकर आया था।
पांच लोगों पर हत्या का आरोप
मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पति शहबाज, सास खुशनुदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम ने दहेज के लालच में मिलकर उनकी बहन की हत्या कर दी।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।













Leave a Reply